‘महाराज’ के खिलाफ एकजुट हुए BJP के पुराने नेता
ग्वालियर. भाजपा संगठन और सत्ता में कोर ग्रुप बड़ा पावरफुल होता है। हर बड़े फैसले कोर ग्रुप की बैठक में या फिर इसके सदस्यों की सहमति से होते हैं, लेकिन इसमें ‘महाराज’ की उनके कद के हिसाब से भागीदारी नहीं दिखाई दे रही है। हाल ही में ‘महाराज’ के प्रभाव वाले बड़े जिले का अध्यक्ष बदला गया। इसमें उनकी राय तक नहीं ली गई। इससे पहले मेयर पद के चुनाव में भी ऐसा ही हुआ। सुना है कि उस इलाके के पुराने और खांटी बीजेपी नेता ‘महाराज’ के खिलाफ एकजुट हो गए हैं।
इसी हफ्ते की शुरुआत में हुई बीजेपी कोर कमेटी की बैठक से ‘महाराज’ के बाहर निकलने पर सोशल मीडिया में राजनीतिक कयासबाजी फैल गई। उनके नाराज होकर जाने की बात कही जाने लगी। भले ही ‘महाराज’ को अलग-थलग करने की कोशिश हो रही हो, लेकिन उनके समर्थकों में किसी भी तरह का भय नहीं है। उनके एक करीबी नेता ने कहा- जो उनका (महाराज) विरोध कर रहे हैं, उनकी राजनीतिक पारी लंबी नहीं बची है, इसलिए वे फिलहाल सीधी लड़ाई मोल नहीं लेना चाहते। वे बहुत ही कम समय में आलाकमान के काफी करीब आ चुके हैं। वह अब मोदी-शाह के महाराज हैं। दोनों नेता कई मंचों से उनकी खुलकर तारीफ कर चुके हैं।
‘महाराज’ की महिमा देखकर प्रदेश के दूसरे बड़े नेता अपने अस्तित्व को लेकर चिंतित हैं, लेकिन ‘महाराज’ किसी जल्दीबाजी में नहीं हैं, क्योंकि वे अपने आप को लंबी रेस का घोड़ा मानते हैं। वैसे भी ‘महाराज’ आसानी से अपने पत्ते नहीं खोलते।
