ग्वालियर में गृहमंत्री अमित शाह ने किया एयर टर्मिनल का शिलान्यास, सौर ऊर्जा से संचालित होगा 450 करोड़ का एयर टर्मिनल
ग्वालियर. गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को ग्वालियर में 450 करोड़ रुपए से बनने वाले राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल के विस्तार का शिलान्यास किया। मंत्रोचार के बीच शाह ने हवन कुंड में आहुति दी। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई मंत्री मौजूद रहे। खास है कि यह एयरपोर्ट सौर ऊर्जा से संचालित होगा। यहां से शाह व्यापार मेला ग्राउंड पहुंचे। वे यहां आयोजित सभा और हितग्राही सम्मेलन में शामिल हुए।

ऐसे बदलेगी एयरपोर्ट की काया
एयर टर्मिनल की कुल जमीन 172.6 एकड़ है। इसमें 143.2 एकड़ जमीन आलू अनुसंधान केंद्र की लीज पर ली गई है।
पहले चरण में एयर टर्मिनल बिल्डिंग बनाने में 240 करोड़, एप्रन व टैक्सी-वे के निर्माण में 30.40 करोड़ खर्च होंगे।
एयर टर्मिनल बिल्डिंग 20 हजार वर्ग मीटर में बन रही है।
वर्तमान एप्रन(विमान पार्क होने वाला एरिया) में एक एयर बस और दो छोटे विमान पार्क किए जा सकते हैं।
नया एप्रन व टैक्सी-वे बनने के बाद पुराने एप्रन एरिया में 4 व नए में 9 विमान एक साथ होंगे।
एयरपोर्ट परिसर में सोलर पैनल लगाए जाएंगे।

एक साल में बनकर होगा तैयार
31 साल बाद ग्वालियर में हवाई सेवा के नए दौर की शुरुआत हो रही है। इससे पहले 1991 में तत्कालीन केंद्रीय नागर विमानन मंत्री माधवराव सिंधिया ने एयरपोर्ट का लोकार्पण किया था। नया एयरपोर्ट टर्मिनल 172.6 एकड़ में बनकर तैयार होगा। खास बात यह है कि इसे एक साल के रिकॉर्ड टाइम में बनाकर तैयार करने का लक्ष्य नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रखा है। वर्तमान एयर टर्मिनल भवन बनने में 5 साल का वक्त लगा था। नए एयरपोर्ट टर्मिनल के निर्माण से यहां एक साथ 13 विमान पार्क हो सकेंगे। एप्रन एरिया में विमान आने व जाने के लिए दो अलग-अलग रास्ते होंगे। एंट्री गेट भी बदल जाएगा।

