दीपावली से पूर्व सैलरी देने की तैयारी, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और 3 महीने का एरियर भी हो सकता है शामिल
भोपाल. मप्र के 7.50 लाख कर्मचारियों को जल्द बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। राज्य सरकार उन्हें अक्टूबर पेड टू नवम्बर माह का वेतन दिवाली से पूर्व 4 प्रतिशत बढ़े ही डीए सऔर 3 माह के एरियर के साथ देने की तैयारी कर रही है। वित्त विभाग के तय प्रस्ताव के मुताबिक कर्मचारियों के खाते में एकमुश्त दिवाली के पूर्व 412 करोड़ रूपये आयेंगे। बढे हुए महंगाई भत्ते की घोषणा सीएम करेंगे।
मप्र सरकार के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ता और एरियर के भुगतान पर आने वाले खर्च का परीक्षण करने विभाग को नोटशीट लिखी है। जिससे शीघ्र ही बढ़े हुए महंगाई भत्ते दिये जाने की घोषणा की जा सके। दरअसल कर्मचारी कल्याण समिति के पास कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले 32 संगठनों ने पत्र लिखे हैं। जिसमें दिवाली पर बढ़े हुए महंगाई भत्ते और एरियर का भुगतान किये जाने का आग्रह किया गया है। इस बारे में समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा ने वित्त मंत्री से चर्चा की है। उन्होंने कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते के साथ वेतन का भुगतान दिवाली के पहले यानी 20 तारीख के बाद किये जाने का आग्रह किया है। हालांकि इस संबंध में ट्रेजर एंड अकाउंट के अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में निर्देश प्राप्त होंगे तो एडवांस में सैलरी का भुगतान किया जा सकता है।
यह है प्रस्ताव
- केंद्र सरकार ने 28 सितंबर को केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 प्रतिशत बढ़ाया है, जिसका उन्हें बढ़े हुए 38 प्रतिशत डीए के हिसाब से भुगतान भी किया जा चुका है। इसी के अनुरूप मप्र सरकार भी अपने कर्मचारियों को 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने जा रही है। यह भुगतान बीती 1 जुलाई से होगा।
- बढ़े हुए डीए का भुगतान अक्टूबर पेड टू नवंबर में किया जाएगा। इस स्थिति में 1 जुलाई से 30 सितंबर तक 3 महीने का एरियर भी कर्मचारियों को दिया जाएगा। बढ़ी हुई दर पर भुगतान करने पर कर्मचारियों को हर महीने 620 रुपए और अफसरों को 8558 रुपए तक का फायदा होगा। साथ ही तीन महीने के एरियर की कर्मचारियों की न्यूनतम राशि 1860 रुपए और अधिकतम अफसरों की 34232 रुपए मिलेंगे।
- कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते के भुगतान की गणना कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन 15500 रुपए और अफसरों के अधिकतम वेतन 2 लाख 15 हजार रुपए महीने के अनुसार है।
