देश में मध्य प्रदेश से शुरू होगी हिंदी में एमबीबीएस की पढ़ाई, केंद्रीय मंत्री अमित शाह करेंगे शुरुआत

भोपाल. रविवार (16 अक्टूबर) से देश में चिकित्सा शिक्षा का नया अध्याय शुरू हो रहा है। पहली बार चिकित्सा की पढ़ाई हिंदी में भी शुरू होने जा रही है। इसके लिए एमबीबीएस प्रथम वर्ष में लगने वाली तीन विषयों की हिंदी पुस्तकों का विमोचन करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को भोपाल आ रहे हैं। यहां लाल परेड मैदान में आयोजित कार्यक्रम ‘हिंदी में ज्ञान का प्रकाश’ में करीब 30 हजार विद्यार्थियों के अलावा चिकित्सा और हिंदी क्षेत्र के जानकार शामिल होंगे। अमित शाह एयरपोर्ट से हेलीकाप्टर से लाल परेड मैदान आएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है जहां चिकित्सा की पढ़ाई हिंदी में भी होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप मध्य प्रदेश में चिकित्सा पाठ्यक्रम को हिन्दी में तैयार करने का निर्णय लिया। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में उच्च स्तरीय टास्क फोर्स गठित की गई। साथ ही विषय निर्धारण एवं सत्यापन कार्य के लिए समितियों का गठन किया गया। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि 97 चिकित्सकों के दल ने चार महीने में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की पुस्तकें तैयार की हैं। इनमें एनाटामी, फिजियोलाजी और बायोकेमेस्ट्री शामिल हैं।

ग्वालियर में नए एयर टर्मिनल की रखेंगे नींव
अमित शाह रविवार को भोपाल के बाद ग्वालियर जाएंगे। वे यहां नए एयर टर्मिनल का शिलान्यास करेंगे। 446 करोड़ की लागत से यह नया एयर टर्मिनल तैयार किया जा रहा है जो कि प्रदेश में सबसे बड़ा टर्मिनल होगा। इस आयोजन के साथ ही नलजल योजना और पीएम आवास-ग्रामीण व शहरी का लोकार्पण भी अमित शाह के हाथों कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *