अमित शाह के दौरे पर विधायक सतीश ने कहा नरेंद्र सिंह CM बनना चाहते है व सिंधिया भी लेकिन शिवराज बड़ा खलीफा है वह सबको खत्म कर देंगे
ग्वालियर. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ग्वालियर के दौरे पर आ रहे हैं, जहां अमित मेहमान होंगे तो केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मेजबान होंगे, अमित शाह जयविलास पैलेज जाएंगे, जहां वह करीब डेढ़ घंटे तक रहेंगे। शाह के इस दौरे से प्रदेश में सियासत गर्माई हुई है। क्योंकि यह पहला मौका होगा जब सिंधिया के बुलावे पर शाह जयविलास पैलेस जाएंगे। अमित शाह के दौरे को लेकर ग्वालियर में कांग्रेस के एक विधायक ने अजीबो गरीब बयान दिया जिससे मामला गर्माता नजर आ रहा है।
इसलिए महल दिखाने ले जा रहे सिंधिया: कांग्रेस विधायक
अमित शाह के दौरे को लेकर कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने निशाना साधा है, उन्होंने कहा कि ”कोई तैयारी नहीं की जा रही बांस बल्ली गाड़ी जा रही हैं, जब आदमी की मौत आती है तब बांस बल्ली गाड़ी जाती हैं। वहीं अमित शाह के सिंधिया के महल जय विलास पैलेस में जाने पर भी कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने तंज कसते हुए कहा कि सिंधिया जी अपनी जमीन बचाने के लिए गृह मंत्री अमित शाह को अपने महल लेकर जा रहे हैं, उन्हें डर है कि कहीं बीजेपी वाले उनकी जमीन पर प्लॉटिंग ना कर दें, इसलिए महल दिखाने ले जा रहे हैं।
सिंधिया सीएम बनना चाहते हैं
कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने बीजेपी पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी के कई गुट हैं, वहां सीएम बनने की होड़ मची हुई है, नरेंद्र सिंह तोमर सीएम बनना चाहते हैं, सिंधिया जी सीएम बनना चाहते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बहुत बड़ा खलीफा है। वह सब को खत्म कर देंगे। सतीश सिकरवार के इस बयान पर प्रदेश में सियासत शुरू हो गई है।
