ग्वालियर में पुलिस नॉन स्टॉप चैकिंग कर रही, कड़ी सुरक्षा में आएंगे गृहमंत्री, 3 हजार पुलिस जवान संभालेंगे सुरक्षा

ग्वालियर. एयर टर्मिनल के विस्तार का शिलान्यास करने आ रहे केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की एन्ट्री कड़ी सुरक्षा में होगी। एयरपोर्ट से सभा स्थल और जयविलास पैलेस तक 3 हजार से ज्यादा जवान व अफसर तैनात किए जा रहे हैं। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की कमान एडीजी श्रीनिवास और एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी ने अपने हाथ में ले रखी है। शहर की सीमाएं सील कर दी गई हैं और पुलिस नॉन स्टॉप चैकिंग कर रही है। शहर में प्रवेश करने वाले हर वाहन की पूरी तलाशी लेकर ही जवान व अफसर आगे जाने दे रहे हैं। जो भी संदिग्ध दिखाई देता है, उसे थाने लाकर पड़ताल की जा रही है। जिन इलाकों से गृह मंत्री का काफिला गुजरेगा, उस इलाके में रहने वालों की जानकारी जुटाना शुरू कर दी है। हर घर के सदस्यों की संख्या और उनके घरों पर पुलिस नजर रख रही है।

एयरपोर्ट से  जयविलास पैलेस तक 3 हजार से ज्यादा जवान तैनात
एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि केन्द्रीय गृहमंत्री की सुरक्षा के इंतजामों को फायनल टच दिया जा रहा है। सुरक्षा को देखते हुए क्राइम ब्रांच के साथ ही थानों में पदस्थ तेज तर्रार जवानों को सुरक्षा के लिए लगाया गया है। शहर के प्रवेश मार्ग पर स्थित थाना पुलिस को हर आने जाने वालों की जानकारी लेकर ही आने और जाने दे रहे हैं। लगभग शहर में एयरपोर्ट से लेकर सभा स्थल और जयविलास पैलेस तक तीन हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया जा रहा है। जवानों को VVIP रूट पर पड़ने वाले ऊंचे भवनों पर भी तैनात किया जाएगा। हर घर में जाकर पुलिस पड़ताल कर रही है। सभा स्थल काे भी पुलिस ने अभेद किले में बदल दिया है।

बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने की चेकिंग
सुबह से BDS(बम डिस्पोजल स्क्वॉड़) की टीमें भी मैदान में हैं और कार्यक्रम स्थल से लेकर उनके आने और जाने वाले मार्गों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अलाव एयरपोर्ट, स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सर्चिंग की है।

रात भर होटल और धर्मशालाओं में की सर्चिंग
पुलिस ने रात में सड़क पर चैकिंग के साथ ही होटल और धर्मशालाओं के साथ ही लॉज व अन्य गेस्ट हाउस खंगाले है। पुलिस ने वहां पर रहने वालों की जानकारी एकत्रित की। यहां पर ठहरने वालों से उनके आने का कारण और कब तक वह यहां पर ठहरंेगे, इसकी पूरी जानकारी नोट की।

चौराहे पर लगाए तंबू
शहर में जो जवान व अधिकारी चैकिंग में लगे है, उनकी बदली पॉइंट पर ही हो रही है। साथ ही यहां पर उनके रिलीवर के लिए तंबू लगाए गए है, जिससे एक टीम यहीं पर आराम करेगी तो दूसरी टीम यहां पर चैकिंग करेगी। इन तंबुओं में तीन पलंग लगाए गए हैं जो कि आधा दर्जन जवानों के लिए पर्याप्त है।

VVIP रूट पर पार्किंग तय
एयरपोर्ट से सभा स्थल तक केन्द्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम के लिए पुलिस ने रूट पर ट्रैफिक प्लान के साथ ही पार्किंग पर चारों दिशाओं से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए पार्किंग तय कर दी है। जिससे किसी को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *