हिमाचल प्रदेश में चुनाव की तारीख का ऐलान, 12 नवंबर को होगा मतदान
नई दिल्ली. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सिंगल फेज में 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 8 दिसंबर को घोषित होंगे। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म हो रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि वोटर नामांकन तक अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वा सकते हैं। इस बार 80 साल से ऊपर उम्र वाले बुजुर्गों और कोरोना पीड़ितों को घर से वोटिंग की सुविधा दी जाएगी। हिमाचल में 80 प्लस उम्र वाले 1.22 लाख बुजुर्ग हैं।
विधानसभा चुनाव का पूरा प्रोग्राम
नोटिफिकेशन- 17 अक्टूबर
नॉमिनेशन- 25 अक्टूबर तक
वोटिंग- 12 नवंबर
काउंटिंग- 8 दिसंबर
कुल सीटें- 68
कुल वोटर- 55 लाख
पहली बार वोट डालेंगे- 1.86 लाख
80 साल से ऊपर वाले वोटर्स- 1.22 लाख
8 जनवरी को खत्म हो रहा हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल
हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी को खत्म हो रहा है। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं। इनमें 20 सीटें आरक्षित हैं। 17 सीटें अनुसूचित जाति (SC) के लिए और 3 सीटें अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए रिजर्व हैं। 2017 में भाजपा ने पूर्ण बहुमत से जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी। चुनाव में भाजपा 44, तो कांग्रेस को 21 सीटों पर जीत मिली थी। एक सीट पर CPIM और दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे।
CM पद के दावेदार कौन-कौन
भाजपा से वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सबसे बड़े दावेदार हैं। अगर 2017 की तरह कोई बड़ा उलटफेर होता है तो केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी CM का चेहरा बन सकते हैं। कांग्रेस की ओर से मुकेश अग्निहोत्री, कौल सिंह ठाकुर, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, रामलाल ठाकुर, आशा कुमारी दावेदारों की सूची में शामिल है।
