अपने ज्ञान और सामर्थ्य के आधार पर हम दुनिया को देने ही गये थे लूटने के लिये नहीं-भैयाजी जोशी
ग्वालियर. राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य भैया जी जोशी ने कहा कि हिन्दुस्तान के लोगों की खासियत यह रही कि हम अपने ज्ञान और सामर्थ्य के आधार पर दुनिया को कुछ देने ही गये। लूटने या साम्राज्य विस्तार के लिये बाहर नहीं निकले। उन्होंने कहा कि भारत के चिंतन में यह तय है कि व्यक्ति अपने सामर्थ्य का दुरूपयोग नहीं करेगा। यही हमारे संस्कार हैं इसीलिये हमें शस्त्र से अधिक शास्त्र का महत्व बताया गया।
यह रविवार को राष्ट्रोत्थान न्यास द्वारा आयोजित ज्ञान प्रबोधनी व्याख्यान माला 2022 के समापन के अवसर पर हिन्दू दर्शन में व्यक्तित्व विकास विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मध्यभारत प्रांत के प्रांत संघ चालक अशोक पांडे ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी और विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आइएएस आरके जैन मौजूद थे। उन्होंने अपने वक्तव्य की शुरूआत में कहा कि किसी भी समाज का अस्तित्व उसके विचार, दृष्टि और चिंतन आदि के आधार पर तय होता है। दुर्बल समाज विश्व के नक्शे से समाप्त हो गये। भारत के बारे में यह कहा जाता है कि यह मृत्युंजय भारत है।
इसमें रहने वाले अमृत पुत्र हैं। पतन के बाद भी हम उठकर खड़े होना, इस समाज की प्रकृति है। किसी समय देश के तीन चौथाई से अधिक हिस्से पर बाहरी शक्तियों का शासन था। भारत के चिंतन की नींव मजबूत है। पीढ़ी दर पीढ़ी हम कुछ परंपराओं का पालन करते रहे। इसी कारण हमारी परंपरा टूटी नहीं। समाज की श्रेष्ठ परंपराओं और मान्यताओं के कारण विशेष रहे।
