बेल्ट में छिपाकर ला रहा था 5.38 करोड़ का सोना, एयरपोर्ट पर खुली पोल, 6 हिरासत में
मुंबई. आजकल कुछ लोग आसान तरीके से पैसा कमाने के लिए सोने की तस्करी जैसा गैरकानूनी काम कर रहे हैं। लेकिन कभी न कभी इन अपराधियों का पुलिस के हाथ लगना तय होता हैं। ऐसे ही एक मामले का मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम डिपार्टमेंट ने पर्दाफाश किया है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट कस्टम्स के अधिकारियों ने सूडानी यात्री द्वारा पहने गए विशेष रूप से डिजाइन किए गए बेल्ट से 5.38 करोड़ रुपये मूल्य का 12 किलोग्राम सोना जब्त किया है। इस मामले में उसके कुछ साथियों पर भी क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, सूडान के एक नागरिक को मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विशेष रूप से डिजाइन किए गए बेल्ट से 12 किलो सोना बरामद हुआ है, जो तस्करी कर मुंबई लाया जा रहा था। कस्टम अधिकारीयों ने सोने को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू ही की थी कि आरोपी के कुछ साथियों ने हंगामा करन शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी को भगाने की कोशिश में उसके साथियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा करना शुरू कर दिया, लेकिन सभी को बाद में काबू में कर लिया गया। सोने के तस्कर सहित सभी लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। अधिकारीयों ने बताया कि तस्करी के आरोप में 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है और 6 को निर्वासित किया जा रहा है।
