होटल संचालक को लूटने वाले बदमाश मथुरा से दबोचे, एक्टिवा लूटने वाले 4 बदमाश गिरफ्तार
ग्वालियर. होटल संचालक से लूट करने वाले 4 बदमाशों को क्राइम ब्रांच व पड़ाव थाना पुलिस ने पीछाकर मथुरा से पकड़ा है। इस गिरोह के 3 सदस्य दिल्ली में लूटी गयी एक्टिवा लेकर चले गये थे। पुलिस ने लूटी गयी एक्टिवा को बरामद करने के लिये दिल्ली रवाना कर दी गयी है। एएसपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि होटल संचालक व कर्मचारी को चाकू मारकर लूटने के बाद आरोपी फरार हो गये थे। उनके मथुरा में छिपे होने की खबर मिली थी। इस पर पुलिस व क्राइम ब्रांच की 2 टीमें बनाकर मथुरा भेजी थी। बताये गये ठिकाने पर पुलिस ने दविश दी ता आरोपी भाग निकले। जिन्हें पीछाकर पुलिस ने दबोच लिया। जबकि 3 आरोपी फरार हो गये।
यह है पूरा मामला
आरपी कॉलोनी निवासी राकेश पुत्र जगदीश अग्रवाल होटल संचालक हैं और स्टेशन पर उनका वंशीवाला के नाम से होटल है। गुरुवार की रात करीब 12 बजे होटल बंद करने के बाद हिसाब-किताब किया और होटल पर ही काम करने वाले कर्मचारी माधव को लेकर घर की तरफ रवाना हुए। अभी वह लोको पर पहुंचे थे कि तभी दो बाइक पर सवार चार -पांच युवक उनके पास पहुंचे और बगैर कोई बात किए उनकी मारपीट करना शुरू कर दिया और दो बदमाशों ने उनसे एक्टिवा छीनने का प्रयास किया। जब होटल मालिक व नौकर ने विरोध किया तो उन्हें चाकू मार कर एक्टिवा लूट ले गए।
यह बदमाश पकड़े गये
पुलिस ने पूछताछ में पकड़े गये बदमाशों की पहचान गौरव यादव, विशाल माहौर, प्रदीप जाटव और किशन जाटव के रूप में हुई और पुलिस ने उन्हें पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उन्हें पता था कि होटल की बिक्री के रूपये होटल मालिक एक्टिवा की डिग्गी ही में रखते है। लेकिन उस दिन उनका भाग्य खराब था और रूपये डिग्गी में रखना होटल मालिक भूल गया था और रूपये जेब में ही थे।
इस तरह मिले थे अहम सुराग
घटना के बाद क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी दामोदर गुप्ता के नेतृत्व में 2 टीमें तथा पड़ाव थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना की अगुआई में 2 टीमें बनाकर मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी सीएसपी विजय भदोरिया को दी और पुलिस ने जब शहर भर में कैमरे खंगाले तो एक जगह बदमाशों के फुटेज पुलिस को मिल गये और फुटेज से पता चला कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी कौन है। इसका पता चलते ही पुलिस ने उनकी तलाश की तो पता चला है कि वह फरार है। इसका पता चलते ही पुलिस ने उनकी तलाश की और सीसीटीवी से पीछा करते हुए मथुरा जा पहुंची और घटना को अंजाम देने वाले 4 बदमाशों को दबोच लिया है।
