विक्की फैक्ट्री तिराहे पर पहुंचे गुर्जर समाज के लोग, कर रहे हैं नारेबाजी, पुलिस ने की नाकाबंदी

ग्वालियर. विक्की फैक्ट्री चौराहे पर एकत्रित हुए गुर्जर समाज के लोगों ने नारेबाजी करना शुरू कर दिया। विक्की फैक्ट्री चौराहे के पास ओबीसी एससीएसटी एकता मंच ने पटिया वाले बाबा के आश्रम पर सम्राट मिहिरभोज की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया है। गुर्जर समुदाय के लोगों के बड़ी संख्या में आने पर पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया। इससे पहले गुर्जर समाज ने चिरवाई नाके स्थति सम्राट मिहिर की प्रतिमा पर जयंती मनाने की अनुमति मांगी थी लेकिन प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी। कार्यक्रम में मेरठ के सरदाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक अतुल प्रधन आने वाले है।

तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
श्रद्धांजलि सभा में गुर्जर समुदाय के लोगां की बड़ी संख्या में आने से तनाव पैदा हो गया। इसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सम्राट मिहिरभोज की मूर्ति पर ग्वालियर में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ गई है। तनाव गुर्जर-प्रतिहार वंश के शासक रहे मिहिरभोज की मू्र्ति के स्थापना दिवस मनाने को लेकर है। मिहिरभोज को गुर्जर अपने वंश का तो क्षत्रिय समाज उन्हें अपने कुल का करार देता है।

मंगलवार यानी 30 अगस्त को मूर्ति स्थापना समारोह मनाने की घोषणा की तो क्षत्रिय समाज खुलकर इसके विरोध में सामने आ गया। ग्वालियर के जिला मजिस्ट्रेट ने गंभीरता भांपते हुए 29 अगस्त को आदेश दिया कि मामले में किसी भी तरह की रैली, सभा, भाषण नहीं हो सकेंगे। साथ ही इसको लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने पर भी पाबंदी लगाई गई है। फिलहाल सम्राट मिहिरभोज के नाम और पट्टिका को लेकर मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है।

प्रतिमा से 500 मीटर के दायरे में किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं
गुर्जर समाज ने सम्राट मिहिर भोज के मंगलवार को उत्सव को देखते हुए प्रतिमा के आसपास प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। जिससे कोई भी प्रतिमा के आसपास न पहुंच सके। साथ ही प्रतिमा से 500 मीटर के दायरे में किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। हालांकि सम्राट मिहिर भोज के मंगलवार को उत्सव को लेकर सभा,जुलूस व रैली-धरना के आयोजन से विवाद की आशंका थी। इसी कारण कलेक्टर ने सम्राट मिहिर से जुड़े हर तरह के आयोजन पर रोक लगा दी थी। यह रोक न्यायालय में प्रकरण के निराकरण तक रहेगी।
