कांग्रेस में होगी जिला संगठन मंत्रियों की नियुक्ति, बीजेपी से निपटने उसी की प्लानिंग पर काम कर रहे कमलनाथ

भोपाल. मप्र में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस की हर बैठक में कमलनाथ ये कहते हैं कि हमारा मुकाबला बीजेपी से नहीं बल्कि भाजपा के संगठन से है। बीजेपी के संगठन का मुकाबला करने के लिए पीसीसी चीफ कमलनाथ अब कांग्रेस के संगठन को भी उसी हिसाब से तैयार करने में जुटे हैं। भाजपा के संगठन मंत्रियों की तरह कांग्रेस में भी जिला संगठन मंत्रियों की नियुक्ति की जाएगी। ये महामंत्री बूथ लेवल से लेकर मंडलम्, सेक्टर तक के संगठन की गतिविधियों को क्रियान्वित करेंगे और सीधे पीसीसी चीफ को रिपोर्ट करेंगे। इसके साथ ही ऐसे सर्वमान्य नेताओं के नाम पर विचार किया जा रहा है जिन्हें स्थानीय परिस्थितियों का ज्ञान हो। हालांकि भाजपा ने विभाग संगठन मंत्रियों और संभागीय संगठन मंत्रियों की छुट्टी कर उन्हें सत्ता और पार्टी में एडजस्ट कर दिया है।

दलबदल से निपटने की प्लानिंग
2023 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कमलनाथ अब दलबदल से निपटने की रणनीति पर भी काम कर रहे हैं। बीजेपी सहित दूसरे दलों से आकर कांग्रेस ज्वाइन करने वाले नेताओं को टिकट देने के बजाए कांग्रेस के प्रत्याशी को जिताने की जिम्मेदारी दी जाएगी। कांग्रेस के एक सीनियर लीडर ने बताया कि बीजेपी की विचारधारा के नेताओं को टिकट देकर चुनाव लड़ाया जाता है तो इलेक्शन जीतने के बाद उसके दलबदल की संभावनाएं ज्यादा रहतीं हैं ऐसे में नाथ की रणनीति है कि कांग्रेस ज्वाइन करने वाले बीजेपी के नेताओं को टिकट देने के बजाए सरकार बनने के बाद एडजस्ट किया जाए।

चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की संगठन से छुट्टी
कमलनाथ ने बीते दिनों हुई बैठक में ये साफ कह दिया है कि जो लोग चुनाव लड़ना चाहते हैं और वे जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी सहित संगठन के प्रभार लिए हैं वे अभी बता दें उन्हें संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त कर दूसरे फुलटाइम वर्कर को जिम्मेदारी देकर काम कराया जाएगा। नाथ की इस नसीहत के बाद चार विधायकों को जिलाध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *