कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा, 19 को नए अध्यक्ष का ऐलान

नई दिल्ली. देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के अगले अध्यक्ष के चुनाव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। आज हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर डेट का ऐलान कर दिया गया है। कार्यसमिति की बैठक के बाद जानकारी दी गई कि कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए 17 अक्टूबर को चुनाव होगा, चुनाव के नतीजे का ऐलान 19 अक्टूबर को होगा। कांग्रेस कार्यसमिति की यह बैठक दिल्ली में आयोजित की गई थी। लेकिन देश से बाहर होने के कारण गांधी परिवार के सदस्य ऑनलाइन इस मीटिंग में शामिल हुए। बता दें कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी इस समय भारत में नहीं हैं। सोनिया गांधी के इलाज के सिलसिले में ये सभी विदेश की यात्रा है। ऐसे में ये तीनों सीडब्ल्यूसी की मीटिंग में वर्चुअली शामिल हुए।

केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने दी तारीखों की जानकारी
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने बैठक में लिए गए फैसले के बारे में जानकारी दी। इन दोनों नेताओं ने बताया कि अक्टूबर में कांग्रेस के नए अध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा। 17 अक्टूबर को वोटिंग तो 19 अक्टूबर को चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।

22 सितंबर को जारी होगा नोटिफिकेशन, 24 से नामांकन
बताया गया कि कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 22 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी होगा। 24 सितंबर से नामांकन शुरू होगा, 17 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 19 अक्टूबर को काउंटिंग और नतीजे सामने आएंगे। सीडब्ल्यूसी की मुहर के बाद इसका औपचारिक ऐलान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *