केजरीवाल की मीटिंग में नहीं पहुंचे 9 विधायक, सरकार गिराने के लिए भाजपा 800 करोड़ खर्च करने की तैयारी में

नई दिल्ली. दिल्ली में ‘ऑपरेशन लोटस’ के मुद्दे पर गुरुवार को भी सियासी बवाल जारी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर विधायक दल की मीटिंग बुलाई गई थी, जिसमें डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत 9 विधायक नहीं पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक कुछ विधायकों से पार्टी हाईकमान का संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। मीटिंग के बाद केजरीवाल राजघाट पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा- भाजपा हमारे 40 विधायकों को खरीदना चाह रही है। सभी विधायकों को 20-20 करोड़ का ऑफर दिया जा रहा है। भाजपा के नेता 800 करोड़ रुपए खर्च कर दिल्ली सरकार गिराना चाहती है। 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा में AAP के पास 62 और भाजपा के पास 8 सीटें हैं। इधर, बैठक के बाद आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार को कोई खतरा नहीं है। सरकार स्थिर है और जो विधायक नहीं आए हैं, वो अपने-अपने काम से बाहर गए हैं। भाजपा ने हमारे 12 विधायकों को पार्टी छोड़ने के लिए ऑफर दिया है।

सिसोदिया और स्पीकर भी नहीं पहुंचे, केजरीवाल राजघाट जाएंगे
सौरभ ने बताया कि मीटिंग में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और विधानसभा के स्पीकर रामनिवास गोयल भी नहीं पहुंचे हैं। सिसोदिया हिमाचल प्रदेश गए हैं। वहीं ऑपरेशन लोटस के फेल होने पर अरविंद केजरीवाल राजघाट जाएंगे और वहां मौन व्रत रखेंगे।

40 विधायकों को तोड़ने की हो रही कोशिश– दिलीप पांडेय
AAP विधायक दिलीप पांडेय ने मीडिया को बताया कि कल शाम से ही कुछ विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। हम लगातार बात करने की कोशिश कर रहे हैं। सभी विधायक जल्द ही मीटिंग में पहुंचेंगे। भाजपा हमारे 40 विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *