MP में 453 ग्रामीण सड़कें और 20 पुल बनाएगी शिवराज सरकार
भोपाल. आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार ने ग्रामीण सड़कों की सुध ली है। सरकार 453 सड़कें और 20 पुलों का निर्माण जल्द शुरू कर रही है। इसके लिए इसी हफ्ते निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इन सड़कों और पुलों के निर्माण पर सरकार दो हजार 333 करोड़ रुपये खर्च करेगी। लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने विभाग के प्रमुख अभियंता को प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इन सड़कों का चयन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर किया गया है, जो दो माह अभियान चलाकर स्वीकृत किए गए हैं और धनराशि की व्यवस्था की गई है।
भार्गव ने कहा कि ग्रामीण सड़कें प्रदेश के आर्थिक विकास की धुरी हैं। सरकार ने इन्हें प्राथमिकता से बनाने का लक्ष्य रखा है। विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि स्थाई वित्त समिति ने प्रदेश में 453 सड़कों के लिए 2133 करोड़ 17 लाख रुपये, 20 पुलों के निर्माण के लिए 199 करोड़ 19 लाख रुपये और छह करोड़ 85 लाख रुपये लोक निर्माण परिक्षेत्र सागर एवं अधीक्षण यंत्री के कम्पोजिट कार्यालय भवन के निर्माण के लिए स्वीकृत की है।
रीवा संभागीय मुख्यालय में 131 करोड़ के काम मंजूर
मंडलोई ने बताया कि 474 कामों में से भोपाल क्षेत्र में 35 किलो मीटर सड़क के लिए 51 करोड़ आठ लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। रीवा संभागीय मुख्यालय के तहत सर्वाधिक 95 किलो मीटर सड़क के लिए 131 करोड़ 53 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इंदौर में 45.10 किलोमीटर सड़क के लिए 48 करोड़ 56 लाख, ग्वालियर में 23.39 किलोमीटर सड़क के लिए 18 करोड़ 38 लाख, जबलपुर में 22.31 किलोमीटर सड़क के लिए 26 करोड़ 17 लाख, सागर में 91 किलो मीटर सड़क के लिए 116 करोड़ 85 लाख और उज्जैन संभागीय मुख्यालय क्षेत्र में 37.8 किलो मीटर सड़क के लिए 43 करोड़ 25 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
