शहर के नजदीक स्थित 4 जलाशय आपस में जुड़ेंगे

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री कुशवाह के प्रयासों से 31.63 करोड़ मंजूर
पर्यटन के लिहाज से भी होगा जलाशयों का आधुनिकीकरण

ग्वालियर . ग्वालियर वासियों के लिये बड़ी खुशखबरी है। ग्वालियर शहर के नजदीक स्थित 4 जलाशय अर्थात रायपुर मामा का बांध, वीरपुर बांध व हनुमान बाँध आपस में जुड़ेंगे। साथ ही इन जलाशयों का पर्यटन के लिहाज से सुदृढ़ीकरण पुनरुद्धार व आधुनिकीकरण भी होगा। उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री एवं नर्मदा घाटी राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह के विशेष प्रयासों से इन जलाशयों को जोड़ने एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए केन्द्र व राज्य सरकार ने 31 करोड़ 63 लाख रूपए से अधिक धनराशि मंजूर कर दी है। इसके लिए श्री कुशवाह ने मुख्यमंत्री के प्रति ग्वालियर वासियों की ओर से आभार जताया है।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार ने बताया कि इन जलाशयों के आपस में जुड़ने से जहाँ किसानों की निस्तार एवं सिंचाई संबंधी जरूरतें पूरी होंगीं। वहीं ग्वालियर वासियों को आकर्षक पर्यटन स्थल भी उपलब्ध होंगे। साथ ही क्षेत्र के जल स्तर में भी बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने बताया कि जलाशयों को जोड़ने व आधुनिकीकरण कार्य के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित राज्य कार्यपालिक समिति द्वारा मिटीगेशन फंड के अंतर्गत 31 करोड़ 63 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई है।
श्री कुशवाह ने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय के माध्यम से स्वीकृत हुई इस धनराशि से रायपुर जलाशय को नहर के जरिए मामा का बांध से जोड़ा जाएगा। इसी तरह मामा का बांध, वीरपुर बांध व हनुमान बांध एक दूसरे से जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि हनुमान बांध के पानी का ओवर फ्लो शहर के बीच से होकर गुजर रही स्वर्ण रेखा नदी में छोड़ा जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *