MP के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की पुलिस से झूमाझटकी

भोपाल. भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। भोपाल जिला पंचायत में बीजेपी ने कांग्रेस समर्थित को अध्यक्ष बनवा दिया। बीजेपी ने क्रॉस वोटिंग कराकर ऐन वक्त पर बाजी पलट दी। इस दौरान गहमागहमी का माहौल हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंत्री भूपेंद्र सिंह को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी झूमाझटकी भी हुई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कोर्ट जाने की बात कही है।

इससे पहले करीब 4 घंटे तक हंगामा चलता रहा। ऐनवक्त पर कांग्रेस नेता नवरंग गुर्जर की पत्नी रामकुंवर गुर्जर, बिजिया राजौरिया और चंद्रेश राजपूत ने पाला बदल लिया। मंत्री भूपेंद्र सिंह-विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा और विष्णु खत्री अपनी गाड़ी में सदस्यों को लेकर पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस हमलावर हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इसे गुंडागर्दी बताया, तो मंत्रियों ने भी पलटवार किया। नए समीकरण बनने के बाद बीजेपी ने रामकुंवर गुर्जर को अध्यक्ष का कैंडिडेट घोषित किया, तो कांग्रेस ने रश्मि भार्गव को मैदान में उतारा। दोपहर ढाई बजे बाद अधिकृत घोषणा होते ही अध्यक्ष को लेकर तस्वीर भी साफ हो गई। अध्यक्ष की कुर्सी पर बीजेपी ने कब्जा जमा लिया।

कांग्रेस ने इन्हें हटाया
क्राॅस वोटिंग करने पर कांग्रेस ने छह पदाधिकारियों को हटा दिया। इनमें नवनिर्वाचित अध्यक्ष गुर्जर, उनके पति नौरंग गुर्जर, सदस्य बिजिया राजौरिया, उनके पति विनोद राजौरिया, परिवार के सदस्य रोहित राजौरिया, चंद्रेश राजपूत, उनके परिजन रामगोपाल राजपूत शामिल हैं। सभी कांग्रेस और युवा कांग्रेस में पदाधिकारी थे। कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव ने इसकी पुष्टि की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *