ग्वालियर के 2 जनपदों पर भाजपा का कब्जा, भितरवार से लक्ष्मी तो मुरार जनपद से 23 वर्षीय युवा दिलराज
ग्वालियर में पंचायत चुनाव के बाद अब जनपद पंचायत के अध्यक्षों के साथ किसी जनपद में किस दल का बोर्ड गठित होगा यह पिक्चर भी साफ होने लगी है। बुधवार को ग्वालियर में भितरवार और मुरार जनपद के अध्यक्षों के लिये रस्सा-कस्सी हुई है। दोनों ही जनपद भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के खाते में आयी है। भितरवार में जहां लक्ष्मी पत्नी नारायण 4 वोट से जीतकर अध्यक्ष बनी है तो मुरार जनपद में अचानक से नया नाम दिलराज किरार ने 11 वोट से जीत कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया है। चर्चा तो ऐसी भी है कि दिलराज, मुख्यमंत्री की कम्युनिटी से है और सीएम हाउस के दखल के बाद यह नाम सामने आया है कि हालांकि दिलराज सबसे युवा जनपद अध्यक्ष भी हैै।
भितरवार जनपद सिंधिया समर्थक के खेमे में गयी
बात करें भितरवार जनपद पंचायत की तो सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी ने पूर्व मंत्री व कांग्रेस के दिग्गज लाखनसिंह यादव के खेमे में सेंध लगायी है। भितरवार में कांग्रेस मजबूत स्थिति में थी। लेकिन धीरे-धीरे सिंधिया समर्थक इमरती देवी व मोहनसिंह राठौर सक्रिय हुए। मोहन सिंह ने पूरा मोर्चा संभाला और यहां 25 सदस्यों में से 14 सदस्यों के वोट पाकर वार्ड 12 से सदस्य लक्ष्मी पत्नी नारायण सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 4 मतों से मात देकर जीत दर्ज की हैं। भितरवार जनपद अध्यक्ष की सीट एससी महिला के लिये आरक्षित थी। भितरवार से उपाध्यक्ष जगमोहन प्रजापति बने हैं।
मुरार जनपद पर दिलराज का राज
मुरार जनपद में 25 वार्ड हैं और 25 सदस्य जीतकर आए हैं। 12 सदस्य मतगणना के दिन ही भाजपा समर्थित थे, जबकि अध्यक्ष बनाने के लिए कम से कम 13 सदस्य चाहिए थे। भाजपा में माना जा रहा था कि राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह के समर्थन वाले सदस्य को ही अध्यक्ष की ताजपोशी होगी। पर जनपद मुरार में बुधवार को हुए अध्यक्ष के चुनाव में 25 में से 18 वोट लेकर वार्ड 5 से सदस्य बने दिलराज सिंह किरार ने अध्यक्ष का चुनाव जीत लिया है। उपाध्यक्ष के पद पर वार्ड-25 से सदस्य बनी सर्वेश देवी पत्नी दशरथ गुर्जर ने जीत दर्ज की है। ऐसा पता लगा है कि दिलराज किरार समाज से नाता रखते हैं और सीएम शिवराज सिंह चौहान खुद किरार समाज से हैं। मुरार जनपद अध्यक्ष पर दिलराज के काबिज होने पर सीएम हाउस का भी खेल है। तभी तो अचानक उनका नाम सामने आया और वह अध्यक्ष बन गए। हालांकि उनको राज्यमंत्री भारत सिंह के खेमे का ही माना जा रहा है। वैसे भी मुरार जनपद अध्यक्ष OBC के लिए आरक्षित था
