लहार, रौन, अटेर में निर्विरोध जनपद अध्यक्ष का चुनाव:अटेर में बीजेपी की कमला देवी, लहार में कांग्रेस की मीना सिंह

भिंड. भिंड के लहार, रौन व अटेर में जनपद अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध किया गया है। लहार और रौन में कांग्रेस ने अपना जनपद अध्यक्ष निर्विरोध चुना है। यहां मीना मॉन्टी सिंह के पक्ष में 22 जनपद सदस्यों ने अपना मत डाला है। वहीं रौन में हरनाम सिंह गुर्जर को भी निर्विरोध चुना गया है। बीजेपी नगर पालिका चुनाव की भांति जनपद अध्यक्ष चुनाव में भी कांग्रेस से पीछे रही। इधर, अटेर में भारतीय जनता पार्टी अपना जनपद अध्यक्ष बनने के लिए बीजेपी नेता विकास शर्मा की मां कमला श्रीनारायण शर्मा का नाम सर्वसम्मति से रखा। कमला देवी के विरोध में अटेर में कांग्रेस के किसी जनपद सदस्य की ओर से फार्म नहीं भरा गया। इस तरह अटेर में कमला देवी निर्विरोध घोषित की गई है।

नेता प्रतिपक्ष के क्षेत्र में बीजेपी कमजोर
लहार विधानसभा के रौन व लहार जनपद में कांग्रेस ने अपना जनपद अध्यक्ष बनाए जाने की दावेदारी पेश की थी। लहार से कांग्रेस ने मीना मॉन्टीसिंह का नाम पर मुहर लगा दी थी। यहां नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह की रणनीति के सामने बीजेपी नगर पालिका चुनाव व जनपद चुनाव में कमजोर साबित हुई। यहीं कारण है कि जनपद पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में 25 में से मीना मॉन्टी सिंह के पक्ष में 22 वोट पड़े। यहां बीजेपी की ओर से एक भी जनपद सदस्य ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश नहीं की।

कांग्रेसी जनपद सदस्यों ने दिया समर्थन
पूर्व निर्धारित समय के मुताबिक अटेर के वार्ड क्रमांक दस से चुनकर आई कमला देवी श्री नारायण शर्मा अपने समर्थितों के साथ जनपद पंचायत भवन अटेर पहुंची। यहां निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में जनपद अध्यक्ष चुने जाने का निर्वाचन कार्य को लेकर कागजी कार्रवाई की। जनपद पंचायत भवन में नवनिर्विचित जनपद सदस्यों ने उपस्थित होकर कमला देवी श्रीनारायण शर्मा को अध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति जारी की। यहां कांग्रेस के समर्थित जनपद सदस्य भी कमला देवी के पक्ष में खड़े नजर आए।

निर्विरोध जनपद सदस्य चुनने के बाद अध्यक्ष बने
रौन जनपद में कांग्रेस के हरनाम सिंह को निर्विरोध जनपद अध्यक्ष बनाया गया। यहां कांग्रेस के पक्ष में 14 प्रत्याशी थे। जिन्होंने हरनाम सिंह को अध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति जाहिर की। बता दें, हरनाम सिंह इंदुर्खी वार्ड से निर्विरोध जनपद सदस्य चुने गए थे। इसके बाद वे निर्विरोध जनपद अध्यक्ष भी चुने गए है।

उपाध्यक्ष भी निर्विरोध
इधर अटेर में उपाध्यक्ष पद को लेकर निर्विरोध चयन किया गया। यहां बीजेपी की गीता दशरथ सिंह यादव का सर्वसम्मति से जनपद उपाध्यक्ष को लेकर नाम बढ़ाया गया। इस पर अटेर के अधिकांश जनपद सदस्य गीता के नाम पर सहमति जाहिर कर चुके है। इधर लहार जनपद में रामेश्वर सिंह कौरव व रौन में ग्यासी राम कुशवाह का उपाध्यक्ष के लिए नाम रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *