शहीदों की विरासत को सहेजना सबसे बड़ा कर्तव्य: डॉ. धर्मेन्द्र सिंह चौहान

करगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में मशाल यात्रा के बाद हुआ दीप प्रज्ज्वलन
ग्वालियर, जिन शहीदों की बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं, हम अपने आपको सुरक्षित महसूस करते हैं क्योंकि हमारी सीमाओं की सुरक्षा उन वीर जवानों के हाथ में हैं जो अपनी जान की बाजी लगाकर हमारी रक्षा करते हैं। ऐसे शहीदों की विरासत को सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी भी है और कर्तव्य भी है। यह बात करगिल विजय दिवस समारोह के दौरान सहयोग लोक न्यास के संस्थापक डॉ. धर्मेन्द्र सिंह चौहान ने कही। कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को कुंजविहार कॉलोनी स्थित शौर्य स्मारक पर किया गया।
समारोह का शुभारंभ मशाल जुलूस के साथ किया गया। एक सैकड़ा से भी अधिक लोग हाथ में जलती हुई मशाल लेकर देशभक्ति के तरानों पर झूमते हुए जब कुंजविहार कॉलोनी की गलियों से निकले तो संपूर्ण वातावरण भारत माता की जय के उद्घोषों से गूंज उठा। मशाल जुलूस शौर्य स्मारक से प्रांरभ होकर शौर्य स्मारक पर ही समाप्त हुआ। यहां पर सभी आगंतुकों, भूतपूर्व सैनिकों व शहीदों के परिजनों ने दीप प्रज्ज्वलन कर अमर शहीदों को नमन किया।
सहयोग लोक न्यास पिछले कई सालों से अमर शहीदों, उनके परिजनों और भूतपूर्व सैनिकों के बारे में नागरिकों के मध्य जागरूकता पैदा करने एवं उनके परिवार का हिस्सा बनने के लिये प्रेरित करता आ रहा है। इसके अतिरिक्त न्यास पर्यावरण और शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर कार्यरत है। न्यास द्वारा 16 दिसंबर 2022 को एक पुस्तक का भी विमोचन किया जा रहा है जिसमें चंबल संभाग के सभी अमर शहीदों, युद्ध में उनके शौर्य और बलिदान एवं उनके परिजनों के बारे में जानकारी होगी।
करगिल विजय दिवस समारोह में इफको डायरेक्टर डॉ. अमित प्रताप सिंह, क्षेत्रीय पार्षद एवं भूतपूर्व सैनिक बलवीर सिंह तोमर, सेवानिवृत्त सूबेदार मेेजर भारत सिंह भदौरिया, तहसीलदार डॉ. धर्मेन्द्र सिंह चौहान, आयोजन समिति के विजय सिंह राठौर, एडवोकेट संदीप सिंह भदौरिया, सोनू शर्मा, अखिलेश सिंह, कुशवाह, सविराज (वीरू भैया), पंकज सिंह कुशवाह, आदर्श तिवारी, विनोद सिंह कुशवाह, मीडिया प्रभारी गोपाल गुप्ता पहारिया, कई पूर्व वायुसैनिक एवं भूतपूर्व सैनिकों सहित लगभग 200 से अधिक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *