संसद के मानसून सत्र में हंगामे के चलते राज्यसभा से विपक्ष के 19 सांसद सस्पेंड

नई दिल्ली. संसद के मानसून सत्र का आज 7वां दिन है। मंगलवार को विपक्ष ने GST और महंगाई पर जोरदार हंगामा किया। इसके बाद राज्यसभा से विपक्ष के 19 सांसदों को सस्पेंड किया गया। हंगामे की वजह से राज्यसभा की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्‍थगित करनी पड़ी। सरकार का कहना है कि विपक्षी सांसद कार्यवाही में बाधा डाल रहे हैं, वहीं विपक्ष का आरोप है कि सरकार मुद्दों पर चर्चा करने से बच रही है। सस्पेंड किए गए सांसदों में सुष्मिता देब, डॉ. शांतनु सेन और डोला सेन के अलावा मौसम नूर, शांता छेत्रीय, नदीमुल हक, अबीरंजन विश्‍वास (सभी तृणमूल कांग्रेस) के अलावा ए. रहीम और शिवदासान (वामदल), कनिमोझी (डीएमके), बीएल यादव (टीआरएस) और मोहम्‍मद अब्‍दुल्‍ला का नाम शामिल है। खास बात यह है कि इनमें कांग्रेस का कोई सांसद नहीं है। इधर, लोकसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद ही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए विरोध किया, जिसके बाद कार्यवाही स्थगित की गई है। यह सत्र 12 अगस्त तक चलेगा।

क्यों किया गया निलंबित
बीते दिन लोकसभा में भारी हंगामे के बीच स्पीकर ओम बिरला ने कांग्रेस के 4 सदस्‍यों को निलंबित कर दिया था। ज्योतिमणी, माणिकम टैगोर, टीएन प्रथापन और राम्या हरिदास को पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया है। लोकसभा में विपक्ष ने महंगाई, GST पर जमकर हंगामा किया। विपक्ष ने सरकार पर प्रमुख मुद्दों पर बहस से दूर भागने का आरोप लगाया। कार्यवाही शुरू होने के कुछ देर बाद ही विपक्षी नेताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर ओम बिड़ला ने सदस्यों से कार्यवाही चलने देने का अनुरोध किया, लेकिन विपक्षी सदस्यों ने GST के खिलाफ नारे और तख्तियां लगाना जारी रखा। इसके बाद नाराज स्पीकर ने चारों सांसदों को निलंबित कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *