इंदौर में ED ऑफिस के बोर्ड पर कांग्रेस कार्यकर्ता ने कालिख पोती, पुलिस ने पीटा, भाजपा का बोर्ड लगाने गए थे

इंदौर. इंदौर में ED ऑफिस पर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान भारी हंगामा हो गया। एक कार्यकर्ता ED ऑफिस के अंदर घुस गया। उसने ED के बोर्ड पर कालिख पोत दी। पुलिस ने इस कार्यकर्ता को तड़ातड़ तमाचे और लाठियां मारीं। पुलिस पीटती रही और कार्यकर्ता युवक कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाता रहा। यूकां प्रदेशाध्यक्ष रमीज खान के नेतृत्व में कार्यकर्ता ED ऑफिस पर कालिख पोतने और भाजपा का स्टीकर लगाने पहुंचे थे। इधर, यूथ कांग्रेस ने भोपाल के ED ऑफिस में भी भारतीय जनता पार्टी कार्यालय का फ्लैक्स लगा दिया। बता दें, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड केस में आज 5 दिन में दूसरी बार पूछताछ चल रही है। यह पूछताछ दिल्ली में ED के ऑफिस में हो रही है। कांग्रेस और इससे जुड़े संगठन इसी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। वे ED के बोर्ड की जगह भाजपा का बोर्ड लगाने गए थे।

ED दफ्तर का नाम बदलकर भाजपा कार्यालय करने पहुंचे थे
यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष रमीज खान ने बताया कि इंदौर ED दफ्तर का नाम बदलकर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय करने के लिए यूथ कांग्रेस यहां पर आई थी। यह काम इसलिए किया जा रहा है कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को यहां प्रताड़ना दी जाती है। ED ऑफिस में हमारे कार्यकर्ता निखिल वर्मा ने स्टीकर चिपकाया कि ये भारतीय जनता पार्टी का दफ्तर है। पुलिस ने हमारे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया और कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी ले लिया। हम कमिश्नर ऑफिस पहुंचकर कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र से शिकायत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *