मुरैना में भाजपा ने की कांग्रेस में सेंधमारी, जौरा परिषद में भाजपा की परिषद बनना तय
मुरैना. मुरैना के जौरा में भाजपा ने कांग्रेस में सेंधमारी कर दी है। उन्होंने कांग्रेस समर्थक उन जीते निर्दलीय प्रत्याशियों को अपनी तरफ मिला लिया है जो कांग्रेस के खेमें मे जा सकते थे। भाजपा के पदाधिकारियों ने कांग्रेस समर्थक जीते दो निर्दलीय प्रत्याशियों को भोपाल बुलाकर भाजपा की सदस्यता दिला दी है। इसी के साथ भाजपा के वार्ड क्रमांक-6 से विजयी प्रत्याशी अखिल माहेश्वरी उर्फ राजू का परिषद अध्यक्ष बनना तय हो गया है तथा उपाध्यक्ष पद पर वार्ड 4 से निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में जीते पुखराज नरेश सिंह का काबिज होना लगभग तय माना जा रहा है।
बता दें, कि जौरा नगर परिषद चुनाव में भाजपा के 7 तथा कांग्रेस के कुल चार प्रत्याशी जीते थे। इसके अलावा एक बसपा का तथा 6 निर्दलीय प्रत्याशी जीते थे। कुल 18 सीटों में अब जिस पार्टी के खाते में 10 सदस्य आ जाते हैं वही बहुमत सिद्ध करने में सफल हो जाएगा।
भाजपा के कुल 7 प्रत्याशी जीते हैं। उसे तीन प्रत्याशियों की और जरूरत थी। इसलिए उसने दो निर्दलीय प्रत्याशी वार्ड 4 से जीते निर्दलीय प्रत्याशी पुखराज नरेश सिंह व वार्ड 15 की निर्दलीय प्रत्याशी शायरा इस्ताक खान ने भोपाल जाकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के सामने सदस्यता भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस प्रकार 7 व 2 मिलाकर भाजपा के खेमें में 9 सदस्य आ चुके हैं। इसके बाद वार्ड क्रमांक-7 की निर्दलीय विजयी प्रत्याशी मिथलेश अशोक गर्ग भी भाजपा में लगभग आ चुकी हैं। इस प्रकार अभी तक भाजपा के खाते में 10 सदस्य आ चुके हैं जिससे भाजपा के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनना तय हो गया है।
