अगस्त में जारी होगा स्वच्छ सर्वेक्षण का परिणाम

ग्वालियर. ग्वालियर समेत देशभर के शहरों की स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 की रिपोर्ट अगस्त महीने में जारी हो सकती है। इस वर्ष जिस तरह से शहर में साफ-सफाई के सिस्टम को अपडेट किया गया है, उसे देखते हुए नगर निगम को इस बार रैंकिंग में बेहतर सुधार की उम्मीद है। वर्ष 2021 में ग्वालियर स्वच्छ रैंकिंग में 42वें पायदान पर था। इस बार शीर्ष 10 में ग्वालियर के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। नगर निगम अफसरों का दावा है कि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और साफ-सफाई में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए जो अंक मिलने की उम्मीद है, उससे पिछले साल की रैंकिंग में इस बार सुधार होगा।

सिटीजन फीडबैक के आधार पर भी बेहतर रैंकिंग मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि स्वच्छता सर्वे-2023 की नई गाइडलाइन के मुताबिक अब एक अक्टूबर से 31 जनवरी तक फीडबैक लिया जाएगा। अभी तक अप्रैल महीने के अंत तक फीडबैक लेने की प्रक्रिया चलती थी, जिसमें अब सुधार किया गया है। कोरोना के चलते स्वच्छता सर्वे की प्रक्रिया में देरी होती थी, लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है। केंद्रीय शहरी मंत्रालय ने इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के लिए पहले ही गाइडलाइन जारी कर दी है। इस बार सर्वे 7500 की बजाए 9500 अंकों का होगा। रैंकिंग के मानकों में काफी अधिक बदलाव भी किए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *