हरियाणा से ग्वालियर लाया गया था गांजा, डिलीवरी से पहले ही पहुंच गई पुलिस
ग्वालियर. पंचायत चुनाव में शराब पर पुलिस ने पाबंदी लगाई तो गांजा तस्करी बढ़ गई। हरियाणा से गांजा लेकर तीन तस्कर ग्वालियर पहुंचे थे। अभी वह डिलीवरी करते उससे पहले ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर 2 लाख रुपए से ज्यादा गांजा बरामद कर लिया है। तीनों ने कुबूल किया है कि यह गांजा वह हरियाणा से लेकर आए थे। यहां किसको गांजा सप्लाई करनी थी यह पुलिस पूछताछ कर रही है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर क्राइम ब्रांच एडिशनल एसपी दंडोतिया ने बताया है कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि आगरा की ओर से गांजा बड़ी खेप ग्वालियर सप्लाई होने आ रही है। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की उसी दौरान हाइवे पर एक ट्रक बड़ागांव भूमिया पहाड़ी के पास आकर रुका उसमें एक तीन युवक निकले। जिनकी पीठ पर पिट्ठू बैग थे। पुलिस ने ट्रक से उतरे तीन युवकों को संदेह के आधार पर निगरानी में लेकर तलाशी ली तो उनके पास थे तीन बैग में 11 किलो 800 ग्राम गांजा मिला। इस गांजा की कीमत बाजार में 2 लाख 36 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने तस्करों से 13 ATM कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित 27 हजार रुपए नकद बरामद किए है। पूछताछ करने पर तस्करों ने अपना नाम वसीम खान, सलीम खान व अय्याश खान निवासी पलवल हरियाणा बताए हैं। तस्करों ने बताया कि वह हरियाणा से गांजा लेकर ग्वालियर सप्लाई करने आए थे। पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए तीनों तस्करों के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उससे पूछताछ कर रही है।
