ग्वालियर में 1 करोड़ की चोरी में गट्टा के घर पहुंची पुलिस, 28 ग्राम सोने के जेवर बरामद
ग्वालियर. एमआईटीएस के प्रोफेसर डा.शिशिर दीक्षित के घर डकैती डालने वाले चार बदमाश अभी भी फरार हैं। इनकी तलाश में पांच टीम लगी हुई हैं। अब पुलिस झांसी रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, जिससे गैंग के बारे में सुराग लग सके। उधर गट्टा के झांसी स्थित घर पर पुलिस उसे लेकर पहुंची, यहां से करीब 28 ग्राम सोने के जेवर और बरामद हुए हैं। अभी पुलिस करीब 200 ग्राम सोना ही बरामद कर पाई है। डकैती में लूटे गए सोने का अधिकांश हिस्सा पप्पू सोनी और उसके साथियों के पास है।
गट्टा उर्फ गट्टू यादव को एक टीम लेकर झांसी पहुंची। यहां उसके घर से करीब 28 ग्राम सोने के जेवर बरामद हुए हैं। इसे मिलाकर अभी तक पुलिस करीब 200 ग्राम सोना बरामद कर पाई है। लूटे गए सोने को लेकर बदमाशों का कहना है- उन्होंने 400 ग्राम सोना लूटा है, लेकिन दीक्षित परिवार ने एक किलो से अधिक सोने के जेवर लूटे जाने की बात कही है। फरार बदमाशों की आखिरी लोकेशन अलग-अलग जगह मिली है। बदमाश इटारसी, हरियाणा और उप्र के अलग-अलग शहरों में भागे हैं। पुलिस ने पप्पू सोनी का फोटो जीआरपी और आरपीएफ को भी भेजा है, क्योंकि उसके बारे में पता लगा है वह ट्रेन से ही फरार होता है। इससे पहले वह करैरा में 1.24 करोड़ की चोरी कर चुका है, उसे करैरा पुलिस ने भोपाल से आते समय ट्रेन से ही पकड़ा था। उसे सिथौली के पास पुलिस ने चलती ट्रेन में पकड़ लिया था।

