ग्वालियर में समय से पहले कार्यालय छोड़ने वाले 37 कर्मचारियों का काटा वेतन
ग्वालियर. नगर निगम मुख्यालय के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारी ऑफिस टाइम से पहले ही कार्यालय छोड़ रहे है। इन शिकायतों के चलते की निगमायुक्त किशोर कान्याल ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 37 कर्मचारी ऐसे मिले जो समय से पहले ही कार्यालय छोड़ चुके थे। इस पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताते हुए इन कर्मचारियों का आधे दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
शासन ने शासकीय कार्यालयों का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए निगमायुक्त ने शाम 5.30 मिनट पर अलग-अलग विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान संपत्तिकर शाखा के 5, संपदा शाखा में 1, कंप्यूटराइजेशन शाखा में तीन, सीएम हेल्पलाइन में दो, श्रम विभाग में एक, लेखा शाखा में 5, र्पीआईयू शाखा में 4, एनयूएलएम में 1, जनकल्याण शाखा में 10 और सामान्य प्रशासन शाखा में 5 कर्मचारी समय से पहले ही जा चुके थे। निगमायुक्त ने इस सभी कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज करते हुए नो वर्क-नो पे के आधार पर आधा दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

