वीडी शर्मा को छोड़ सीएम पहुंचे थे उत्तराखंड, दोनों के बीच कलह आई सामने, विमान से खजुराहो पहुंचे तीर्थयात्रियों के 26 पार्थिव शरीर
छतरपुर. उत्तराखंड बस हादसे में जान गवाने वाले 26 तीर्थ यात्रियों के पार्थिव शरीर वायुसेना के विशेष विमान से शाम 6.55 मिनट खजुराहो एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। खजुराहो से 19 एबुंलेंसों के जरिए 24 पार्थिव देह को पन्ना जिले के विभिन्न गांवों और एक को छतरपुर जिले के बिजावर ले जाया गया। एंबुलेंस के साथ एसडीएम-तहसीलदार स्तर के प्रशासनिक अधिकारी भी मृतकों के गांव पहुंचे।
खजुराहो एयरपोर्ट पर विमान आने के पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, बड़ामलहरा विधायक प्रद्युम्न लोधी समेत अन्य नेता भी पहुंचे। वीडी शर्मा ने कहा कि, हादसे के मृत लोगों के शव को रात में ही उनके गृह ग्राम पहुंचाए जा रहे हैं। सरकार और प्रशासन लगातार उनके परिजन के संपर्क में है। मुश्किल की इस घड़ी में हम सभी उन परिवारों के साथ हैं।
दोपहर 3 बजे आने की सूचना
प्रशासन को पहले सभी पार्थिव शरीरों को वायुसेना के विमान के जरिए दोपहर 3 बजे खजुराहो पहुंचने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पन्ना और छतरपुर जिले के एसडीएम स्तर के प्रशासनिक अधिकारी 19 एंबुलेंस लेकर दोपहर 2 बजे खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे। सभी वाहनों में ले जाए जाने वाले पार्थिव शरीर, उनके गांव का नाम और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी का नाम लिखकर उनकी ड्यूटी लगाई जा चुकी थी। दोपहर 3 बजे सूचना आई कि, पोस्टमार्टम में देरी होने की वजह से वायुसेना का विमान देहरादून से खजुराहो के लिए शाम 5 बजे उड़ान भरेगा। शाम 6.55 बजे विमान पार्थिव शरीरों को लेकर खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचा।
