ग्वालियर में 2 हजार करोड़ की रेत व गिट्टी का अवैध व ओवरलोड परिवहन करने वाले वाहनों पर माइनिंग विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा,अफसरों को मिले सिर्फ 11 ट्रक
ग्वालियर. लगभग 2 हजार करोड़ रुपए की रेत और गिट्टी का अवैध और ओवरलोड परिवहन करने वाले वाहनों पर माइनिंग विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा। हर दिन निकलने वाले 1200 ओवरलोड वाहनों में से माइनिंग और पुलिस के अधिकारियों को कार्रवाई में सिर्फ 11 वाहन मिले हैं। इनमें से 4 उटीला, 3 गिजौर्रा और 5 बिलौआ थाने की सीमा में मिले थे। इन सभी को संबंधित थाना पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया है। दरअसल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गुरुवार को दिन में ली वीसी के दौरान माइनिंग विभाग को सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद मासिक औपचारिकता पूरी करने के लिए माइनिंग विभाग के अधिकारियों ने देर रात कार्रवाई की और 11 वाहनों की जब्ती दिखाई है।
महीने बीते न तो पुलिस ने कार्रवाई की न ही परिवहन ने
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने पुलिस अधीक्षक अमित सांघी और आरटीओ को खनिज परिवहन करने वाले वाहनों में से अतिरिक्त खनिज भरने के लिए लगाए पटियों को स्थाई रूप से हटाने का निर्देश दिया था। इसके बाद कलेक्टर ने खनिज परिवहन करने वाले डंपर, ट्रैक्टर, ट्रक आदि वाहनों से किये जा रहे ओवर लोड परिवहन को पूरी तरह से समाप्त करने के निर्देश दिए। ओवरलोड रेत लेकर आ रहे वाहनों पर कार्रवाई के लिए एसपी और आरटीओ कार्रवाई करने के निर्देशित किया कि कंपनी द्वारा बनाई गई बॉडी के अलावा लगे अतिरिक्त पटियों को हटवाया जाए। इस निर्देश को महीने बीते चुके हैं लेकिन न तो पुलिस ने कार्रवाई की और न ही परिवहन विभाग सड़कों पर दिखा।

