सागर नमक फैक्ट्री की दीवार ढही, मलबे में दबकर 12 मजदूरों की मौत, 18 घायल

मोरबी. मोरबी जिले के हलवद में एक नमक कारखाने की दीवार गिरने से पांच महिलाओं समेत 12 मजदूरों की मौत हो गई है। दीवार के मलबे में करीब 30 मजदूर दब गए थे। मृतकों और घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया। घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। घायलों में कईयों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

बच्चों के भी घायल होने की आशंका
जानकारी के अनुसार हादसा हलवद GIDC स्थित सागर सॉल्ट नाम की एक फैक्ट्री में जिस समय दीवार ढही, तब वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। ऐसी भी जानकारी मिल रही है कि कुछ मजदूरों के बच्चे भी उनके साथ थे, जो हादसे का शिकार हो गए हैं। हालांकि, बच्चों के बारे में कंपनी से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान शुरू किया। घटना के बाद स्थानीय विधायक परसोत्तम सबरिया व कलेक्टर समेत कई उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि दीवार किस वजह से गिरी।

हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम ने अपने ट्वीट में कहा कि मोरबी में दीवार गिरने की घटना काफी दुख पहुंचाने वाली है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। पीएम ने हादसे में घायलों के शीघ्र ठीक होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *