ग्वालियर में ट्रैफिक को मिलेगी रफ्तार, 36 करोड़ रुपए की लागत से सुधरेंगी प्रमुख सड़कें
ग्वालियर. नगरीय निकाय चुनाव की आहट के साथ ही शहर की जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का निराकरण होने लगा है। अब जिन सड़कों पर दोपहिया व चार पहिया वाहन हिचकोले खाते हुए गुजरते थे, उन पर गाड़ियां फर्राटे भरती नजर आएंगी। दरअसल, ग्वालियर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन और नगर निगम द्वारा 36 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित नई सड़कों के निर्माण व डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन हो गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गत मंगलवार को वर्चुअली इन कार्यों का भूमिपूजन किया है और जल्द ही मौके पर इनका काम शुरू कराया जाएगा।
इसमें स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन द्वारा तीन करोड़ 34 लाख रुपए की लागत गैंडेवाली सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार शहर के मुरैना रोड, भिंड रोड, शिवपुरी लिंक रोड और झांसी रोड स्थित चार प्रवेश द्वारों का निर्माण 8.77 करोड़ रुपए से किया जाएगा। इसके अलावा स्मार्ट सिटी द्वारा ही गोले का मंदिर से महाराजपुरा रोड का 11.98 करोड़ और तानसेन रोड से रेसकोर्स रोड तक 2.13 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कराया जाएगा। यह सड़क उपनगर ग्वालियर के ट्रैफिक को सिटी सेंटर तक लाने में बहुत सहायक होगी, क्योंकि यहां पीडब्ल्यूडी और रेलवे द्वारा आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा मरघट पुलिया से मुरैना लिंक रोड गदाईपुरा तक 1.30 करोड़ रुपए, रामदास घाटी रेलवे स्टेशन से घोसीपुरा होते हुए एबी रोड तक 80 लाख रुपए, उदमसिंह चौराहा से कृष्णा नगर होते हुए एबी रोड तक 2.70 करोड़ रुपए, छह नंबर चौराहे से गोले का मंदिर तक 2.49 करोड़ रुपए, हनुमान चौराहे से चांद का पुल, टोपे वाले मोहल्ले से कटी घाटी तक एक करोड़ रुपए की लागत से, स्वर्णरेखा से एबी रोड गिरवाई थाना तक 1.78 करोड़ रुपए और बेहटा चौराहे से स्कूल के सामने तक 22.56 लाख रुपए की लागत से डामरीकरण किया जाएगा।

