73 साल बाद भारत ने बैडमिंटन में रचा इतिहास, पहली बार थॉमस कप जीता
बैंकॉक. भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने रविवार को इतिहास रच दिया। टीम ने 73 साल में पहली बार थॉमस कप जीता, वो भी उस इंडोनेशिया को हराकर, जिसने 14 बार इस खिताब को हासिल किया है। भारत ने इंडोनेशियाई दल को 3-0 से मात दी। भारत इस टूर्नामेंट में पहली बार फाइनल खेल रहा था। 5 मैचों की इस जंग में भारत ने 2 सिंगल्स और एक डबल्स मैच जीता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी है।
पहला गेम हारने के बाद चिराग-सात्विक ने जीता डबल्स मैच
इससे पहले फाइनल के दूसरे मुकाबले में सिंगल्स जीतने बाद डबल्स मैच जीता। चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी की भारतीय जोड़ी ने पहला गेम गंवाया फिर दूसरा और तीसरा गेम जीत मुकाबला अपने नाम किया।
1948-49 में शुरू हुआ थॉमस कप
थॉमस कप को आयोजित करने का विचार अंग्रेज बैडमिंटन खिलाड़ी सर जॉर्ज एलन थॉमस का था। वह 1900 के दशक की शुरुआत में एक बेहद सफल बैडमिंटन खिलाड़ी थे। वह फुटबॉल वर्ल्ड कप और टेनिस के डेविस कप की तर्ज पर बैडमिंटन में भी पुरुषों के लिए इस तरह टूर्नामेंट का आयोजन करना चाहते थे। पहली बार 1948-49 में इंग्लिश जमीं पर यह टूर्नामेंट हुआ। थॉमस कप पहले तीन साल में होता था, 1982 के बाद से 2 साल में होता है।
