अब प्लास्टिक बोतल मुक्त होगा इंदौर, शहर में बनेंगे 100 केंद्र जहां मिलेगा मिनरल वाटर

इंदौर. स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार नवाचार करने वाला इंदौर अब पानी की प्लास्टिक बोतल के उपयोग को न्यूनतम करने की कोशिश कर रहा है। यहां संचालित होने वाली आइटी कंपनियों के समूह ‘स्टार्ट इन इंदौर” ने यह पहल की है। समूह शहर में 100 ऐसे केंद्र (आइ कैन) खोलने जा रहा है जहां से नामी कंपनियों का स्वच्छ पेयजल दो रुपये प्रति लीटर की दर पर खरीदा जा सकेगा। जिला प्रशासन और नगर निगम भी इस नवाचार में समूह की मदद करेंगे। इसके लिए नाममात्र का शुल्क भी इसलिए लिया जाएगा, ताकि लोग उसका दुरुपयोग नहीं करें। एक ही बोतल का उपयोग होने से प्लास्टिक बोतल का उपयोग घटता जाएगा। समूह लोगों को तांबे से बनी बोतल का पानी पीने के लिए भी प्रेरित करेगा। समूह में शामिल कंपनियां भी अपने परिसर और कर्मचारियों के लिए प्लास्टिक बोतल में पानी पर प्रतिबंध लगा रही हैं। तांबा-स्टील की बोतल का उपयोग करने वाले नागरिकों को कार्बन क्रेडिट अंक (पर्यावरण हितैषी काम करने पर मिलने वाला प्रोत्साहन) भी दिए जाएंगे।

कम कीमत पर उपलब्ध होगी तांबे की बोतल
ट’स्टार्ट इन इंदौर” के सदस्य नरेंद्र सेन ने बताया कि तांबे के बर्तन में रखा पानी सेहत के लिए अच्छा होता है लेकिन इसकी कीमत अधिक होती है। संस्था यह प्रयास भी कर रही है कि लोगों को तांबे की बोतल कम शुल्क या लागत मूल्य पर उपलब्ध होने लगे। पीथमपुर में सिक्के ढालने वाली कंपनी मित्तल एप्लायंस लिमिटेड ने कम दरों पर बोतल उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है।

निगम करेगा मदद
इंदौर नगर निगम की आयुक्त प्रतिभा पाल के अनुसार ‘स्टार्ट इन इंदौर” के सदस्य मुझसे मिले थे। शहर में प्लास्टिक बोतलों का उपयोग कम करने के लिए यह पहल अच्छी है। इसके प्रचार-प्रसार के लिए नगर-निगम अपने एप के माध्यम से मदद करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *