15 अक्टूबर एलिवेटेड रोड का सेकेंड फेज-2 का निर्माण कार्य शुरू होगा
ग्वालियर. स्वर्ण रेखा नदी पर 900 करोड़ रूपये की लागत निर्माण हो रही एलिवेटेड रोड के द्वितीय चरण का कार्य 15 अक्टूबर से प्रारंभ होगा। वर्षा की वजह से निर्माण कार्यो पर लगी रोक हटने केबाद सबसे पहले फूलबाग चौराहे पर लूप बनाने का कार्य शुरू किया जायेगा। इसके साथ ही नदी में जमा मिट्टी हटाने की सफाई प्रक्रिया भी 15 अक्टूबर से स्पीड पकड़ेगी। वर्तमान में लक्ष्मीबाई समाधिस्थल से आने-जाने वाले और नदीगेट की तरफ से आने वाले पुल के बीच फूलबाग चौराहे के पास करीब 300 फीट का भाग निर्माण कार्य से बचा हुआ था। सेकेंड फेस के तहत फूलबाग चौराहे पर 2 लूप उतारे जायेंगे। पहला लूप-फूलबाग पार्क की तरफ तो दूसरा लूप-किलोगेट जाने वाले मार्ग की तरफ।

हनुमान बांध से लेकर फूलबाग के बीच बनेंगे 12 लूप
एलिवेटेड रोड पर गाडि़यों की ठीक तरह से आवाजाही होने के लिये हनुमान बांध से लेकर फूलबाग के बीच कुल 12 लूपों का निर्माण किया जायेगा। इनमें 6 चढ़ने के लिये और 6 उतरने के लिये होंगे।
रामदास घाटी फ्लाईओवर भी जुड़ेगा
नदीगेट के पास रामदास घाटी से आने वाले फ्लाईओवर को एलिवेटेड रोड से कनेक्ट किया जाएगा, जिससे कंपू और लश्कर क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहनों को सीधा फायदा मिलेगा। इस मामले में कार्यपालन यंत्री (सेतु संभाग, PWD) जोगिंदर सिंह ने बताया कि बारिश के कारण 15 अक्टूबर तक निर्माण कार्यों पर रोक रहती है। 15 अक्टूबर के बाद द्वितीय चरण में लूप उतारने का काम प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही स्वर्णरेखा नदी से मिट्टी हटाने का कार्य भी शुरू होगा।
