अनूपपुर EVM वेयरहाउस में 24 मशीनें कम मिलीं, सुरक्षा और रिकॉर्ड को लेकर जांच शुरू

अनूपपुर. जिला मुख्यालय के पुराने तहसील कार्यालय के पीछे बने ईवीएम वेयरहाउस से 24 मशीनों के गायब मिलने का मामला अब केवल कथित चोरी की जांच तक सीमित नहीं रह गया है। मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब 16 मार्च को ही ईवीएम वेयरहाउस की दीवार क्षतिग्रस्त मिल गई थी, तो मशीनों की सुरक्षा और रिकार्ड का तत्काल पूर्ण सत्यापन क्यों नहीं कराया गया। इसके बाद करीब छह महीने तक प्रक्रिया चलती रही और सितंबर के अंतिम सप्ताह में भौतिक सत्यापन के दौरान 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट कम मिलीं।
दीवार क्षतिग्रस्त मिलने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
मामले में 30 सितंबर को प्राथमिक विद्यालय सीतापुर के सहायक शिक्षक फूल सिंह पिता धना सिंह निवासी कर्राटोला ने तहसीलदार अनूपपुर वेद प्रकाश सिंह तथा प्राथमिक विद्यालय बस्ती के सहायक शिक्षक संजय निगम के साथ कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी अनुसार पुराना तहसील भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे डिसमेंटल कराने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान 16 मार्च को ईवीएम वेयरहाउस के पीछे की दीवार क्षतिग्रस्त मिली। दीवार की हालत सामने आने के बाद यह स्पष्ट था कि वहां रखी संवेदनशील निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा को लेकर तत्काल गंभीरता जरूरी थी। लेकिन उपलब्ध शिकायत के अनुसार ईवीएम की वास्तविक संख्या और रिकार्ड का विस्तृत भौतिक मिलान बाद में कराया गया। यही अंतर अब जांच का महत्वपूर्ण बिंदु बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *