बिजली गुल होने से भड़का गुस्सा: विंडसर हिल्स के रहवासियों ने सिरोल रोड पर किया चक्काजाम

ग्वालियर। सिरोल स्थित विंडसर हिल्स कॉलोनी में सुबह से बिजली गुल रहने से नाराज रहवासी रविवार रात सड़क पर उतर आए। बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग को लेकर रात करीब 8 बजे बड़ी संख्या में विंडसर हिल्स के निवासियों ने सिरोल मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण सिरोल का यातायात प्रभावित हुआ और करीब तीन घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा।
रहवासियों का कहना था कि कॉलोनी में सुबह से बिजली नहीं है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि बिजली का बिल जमा नहीं होने के कारण विंडसर हिल्स का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं होने पर रहवासियों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध शुरू कर दिया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक रहवासियों और पुलिस के बीच बातचीत चलती रही। बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन मिलने के बाद विंडसर हिल्स के निवासी सड़क से हटे और चक्काजाम समाप्त किया गया।
गौरतलब है कि पिछले दिनों विंडसर हिल्स कॉलोनी की दीवार गिरने की घटना में एक महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद से कॉलोनी की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब बिजली कटौती के विरोध में हुए चक्काजाम ने कॉलोनी की समस्याओं को एक बार फिर सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *