अकाउंटेंट की पत्नी को हाइवे पर लूटने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार, नशे के लिये करते थे लूट
ग्वालियर. कट्टा अड़ाकर एकाउंटेंट व उसकी पत्नी से जेवर-नगदी लूटने वाले 5 लुटेरों को आंतरी पुलिस ने दबोचा है। जबकि गैंग का एक अन्य साथी फरार है। बदमाशों से खुलासा हुआ है कि वह नशे की लत पूरी करने के लिये वारदातों को अंजाम देते हैं। घटनास्थल के पास से एक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से मिले और जिसके बाद पहचान कर पुलिस लुटेरों तक पहुंची है। लूटे गयी ज्वेलरी, नगदी व वारदात में उपयोग मोटरसाईकिल बरामद हो गयी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पकड़े गये बदमाशों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
टीआई आतंरी रमांकांत उपाध्याय ने बताया कि एकाउंटेंट व उसकी पत्नी से लूट करने वाले 5 बदमाशों को पकड़ा है। पकड़े गये बदमाशों का एक साथी अभी फरार है। पूछताछ के बाद लूट में उपयोग की गयी मोटरसाईकिल, 8 हजार रूपये के साथ ही कुछ गहने रिकवर कियेगये है। जबकि मंगलसूत्र और कुछ रूपये फरार आरोपी पर है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जायेगा। वहीं पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि इस घटना के अलावा उन्होंने और कौन-कौनसी घटनाओं को अंजाम दिया है।
यह पकड़े गए
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों की पहचान मोनू कुशवाह, रामौतार माहौर, आकाश यादव, जीतू कुशवाह और संदीप कुशवाह के रूप में हुई है । सभी की उम्र 22 से 26 साल के बीच में है। वहीं फरार आरोपी का नाम विकास बताया गया है। आरोपियों ने पूछताछ के बाद अकाउंटेंट से लूट करना स्वीकार करते हुए लूटा गया सामान बरामद कराया है।
यह है पूरा मामला
डबरा निवासी भूपेन्द्र कुशवाह बीएड कॉलेज में एकाउंटेंट है वह 11 मार्च को वह पत्नी को लेकर अपने घर डबरा जा रहे थे। अभी वह आंतरी हाइवे पर पहुंचे ही थे कि तभी 2 मोटरसाईकिल सवार आये आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका और कट्टा अड़ाकर अकाउंटेंट व उसकी पत्नी से नगदी 20 हजार, मंगलसूत्र तथा मोबाइल के साथ ही अन्य सामान लूट ले गये। घटना के बाद बाइक सवार बदमाश भाग निकले और मामले की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की सर्जिंग की, लेकिन वह हाथ नहीं आये।
इस तरह आए हाथ
वारदात के बाद पुलिस ने हाइवे पर लगे CCTV कैमरों के आने और जाने के सभी स्थानों से फुटेज उठाए और फरियादी से वैरीफाई कराए तो एक स्थान पर बदमाशों के फुटेज के साथ ही बाइक का नंबर CCTV के फुटेज में मिला। इसके बाद पुलिस ने रूट के कैमरे चेक करते हुए डबरा पहुंची और एक आरोपी को दबोचा तो उससे अन्य की पहचान हो गई।
