ग्वालियर के 5 कोरोना पॉजिटिव मरीज का सैंपल डीआरडीई भेजा
ग्वालियर. जीआर मेडिकल कॉलेज की जांच में बीते रोज जो 5 मरीज पॉजिटिव पाए गए थे अब उन 5 सहित 9 लोगों की शुक्रवार को पुनः सैंपलिंग कराई गई है। दिलचस्प बात ये है कि जांच के लिए सैंपल डीआरडीई भेजे गए है। दोबारा सैंपलिंग कराने से साफ है कि कहीं ना कहीं मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है। घोसीपुरा सत्यनारायण की टेकरी पर स्वास्थ्य विभाग ने सर्वे तो शुरू कर दिया है लेकिन परिजनों की सैंपलिंग नहीं की गई है।
कॉलेज की रिपोर्ट को क्रॉस चेक कराया जा रहा
जीआर मेडिकल कॉलेज में हुई जांच में सिल्वर एस्टेट निवासी निडी कंपनी के एचआर मैनेजर के परिवार के 3 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके अलावा पिछोर डबरा निवासी 2 युवकों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। इन सभी को सुपर स्पेशियलिटी में शिफ्ट कर दिया गया था इसके अलावा पहले से 4 मरीज भी यहां भर्ती थे। नियमानुसार जिन मरीजों की जांच रिपोर्ट बीते रोज आई थी उनकी सैंपलिंग अब 5 दिन बाद होना था जवकि बाकी की 14 दिन बाद जांच की जानी चाहिए थी। मगर सभी नियमों को नजरअंदाज करते हुए इन सभी 9 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की गुरूवार को दोबारा सैंपलिंग कराई गई है। सैंपलिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर सुपर स्पेशियलिटी पहुंचे थे। सैंपल को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज की वजाए अब डीआरडीई भेजा गया है जिससे साफ है कि मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट को क्रॉस चेक कराया जा रहा है।
