सागरताल रोड चौड़ीकरण:13 घंटे तनाव के बाद अंत में बिना हंगामे के निपटा विवाद

ग्वालियर. सुबह 11:15 बजे- राजस्व विभाग की टीम सड़क क्षेत्र में नपाई कर रही थी। तभी वहां जीतू सिंह पहुंचे और मंदिर की नपाई को लेकर आपत्ति की। जीतू ने कहा कि पहले निशान लगाकर उससे भी अंदर घुसकर तोड़फोड़ कर दी है, अब क्या करने वाले हो। इस पर जीतू और अधिकारियों में हल्की बहस हुई।

दोपहर 12 बजे- बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कुछ देर में एसडीएम प्रदीप तोमर, एडिशनल एसपी अभिनव चौकसे व अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। फिर नपाई और खंडित मूर्ति को लेकर बहस शुरू हो गई।

दोपहर 1 बजे- एडीएम इच्छित गढ़पाले भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बजरंग दल के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं से चर्चा शुरू की और एसडीएम प्रदीप तोमर ने कब्रिस्तान परिसर में मोहर्रम कर्बला इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष अख्तर हुसैन कुरैशी से चर्चा की। कई घंटे चली इस चर्चा के बाद मजार वाले क्षेत्र में तुड़ाई शुरू की गई। एक कब्र टूट जाने से नाराज मुस्लिम समुदाय के लोग भी एकत्र हो गए।

शाम 5 बजे- पुलिस कंट्रोल रूम में इस मामले को लेकर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने दोनों पक्षों के लोगों के साथ बैठक की। कुछ ही देर में पूर्व मंत्री और बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने सोशल साइट पर पोस्ट कर इस मामले में कलेक्टर-एसपी को सीधा दखल देने की बात कही।

शाम 7 बजे- कलेक्टर व एसपी खुद मौके पर पहुंचे और फिर से नपाई कराई गई। तो सामने आया कि मंदिर की तुड़ाई ज्यादा हुई है तो अधिकारियों ने पूरे हिस्से की तुड़ाई एक समान करने के आदेश दिए। जिसके बाद एक बार फिर मौके पर तनाव बढ़ गया और शहर के दूसरे थानों से फोर्स बुलाकर तैनात किया गया।

रात 8:30 बजे- कब्रिस्तान के बाहरी हिस्से को बुलडोजर से हटाने का काम शुरू किया गया। फिर इंतजामिया कमेटी ने खुद ही कटर मंगवाकर दो मंजिला भवन का एक पिलर और छज्जे को तुड़वाने का काम शुरू कराया। जो देर रात तक चलता रहा। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *