MP में सरकार हमारे हिसाब से चलेगी जिसे दिक्कत हो बता दे मुझे बदलने में देर नहीं लगेगी
भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने चौथे कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर बुधवार को मंत्रालय में मंत्रियों, कलेक्टर-कमिश्नर, आईजी और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से दो-टूक कहा कि सरकार हमारे हिसाब से चलेगी जिसे दिक्कत हो बता दें मुझे बदलने में देर नहीं लगेगी। अपराधियों को दंड ऐसा देना है कि वे अपराध करने से पहले 17 बार सोचें। जो बेटियों से अपराध करे उसे कैसे छोड़ दें। मेरे स्पष्ट निर्देश है कि अपराधियों के विरूद्ध कार्रवाई रूकनी नहीं चाहिए। कानून व्यवस्था के मामले में मध्य प्रदेश को टॉप पर रहना है। इस दौरान मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और बैठक 1 घंटे चली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के ही दिन दो साल पहले शपथ लेने के बाद लगभग इसी समय इसी सभाकक्ष में कोरोना को लेकर बैठक ली थी। सामूहिक प्रयासों से हमने कोरोना संकट का सामना किया। 500 से ज्यादा बैठकें की और सभी विभागों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। टीकाकरण भी हमने बेहतर किया, हमने पैसे की कमी नहीं होने दी और बेहतर प्रबंधन किया। किसानों से लेकर गरीबों के खातों में पैसे भेजे। दूसरी लहर में रातभर नहीं सोए। आत्मनिर्भर मप्र का रोडमैप बनाया। अधोसंरचना विकास, कृषि, स्वास्थ्य, निवेश से लेकर हर क्षेत्र में बेहतर काम किया। मेरे मन में दिन और रात एक ही चीज चल रही है कि और बेहतर कैसे करें। इस दौरान उन्होंने बताया कि हमने 21 हजार एकड़ भूमि माफिया से मुक्त कराई है जो बड़ी उपलब्धि है। हमें अपराधियों को चिन्हित करके कुचलना है।
आठ अप्रैल को होगी कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेंस
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय समीक्षा में जो विभाग रह गए हैं, उनके साथ पांच अप्रैल को बैठक करेंगे। आठ अप्रैल को कलेक्टर-कमिश्नर होगी। इसमें कानून व्यवस्था से लेकर अन्य योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। 29 मार्च को प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण में गृह प्रवेश का कार्यक्रम होगा। मैं छतरपुर में रहूंगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे। 30 मार्च को जल जीवन मिशन का कार्यक्रम है और 31 मार्च को रोजगार दिवस मनाया जाएगा। 10 अप्रैल से जलाभिषेक अभियान शुरू किया जाएगा। दो मई को लाड़ली लक्ष्मी सम्मेलन होगा।

