MP में शिक्षक भर्ती फिर से

भोपाल. राज्य सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग के सरकारी स्कूलों में उच्च माध्यमिक शिक्षक और माध्यमिक शिक्षक की रुकी भर्ती प्रक्रिया फिर शुरू कर दी है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने वेटिंग लिस्ट वाले टीचर्स की नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत उच्च माध्यमिक शिक्षक यानी वर्ग-एक में 853 और वर्ग दो के 923 कैंडिडेट्स की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों की वेटिंग क्लियर नहीं की गई है। उम्मीदवारों को 15 दिन में जॉइनिंग देना है। उम्मीदवारों का कहना है कि यह सूची केवल अनारक्षित वर्ग, EWS, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की जारी की गई है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने ट्वीट कर जानकारी दी। इससे पहले सरकार ने शिक्षक पात्रता परीक्षा MPTET की वैलिडिटी एक साल बढ़ा दी थी।

कोर्ट ने जारी किया अवमानना का नोटिस
शिक्षक भर्ती में कोर्ट ने ओबीसी आरक्षण 14 % देने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में स्कूल शिक्षा विभाग ने उन विषयों में 14 % आरक्षण उन्हीं विषयों में दिया, जिसमें उम्मीदवार कोर्ट पहुंचे थे। वहीं, जिन विषयों में उम्मीदवार कोर्ट नहीं पहुंचे थे, उनमें 27 % आरक्षण दिया। पहली लिस्ट में 11 विषयों में 27 % आरक्षण दिया था। 5 विषयों में 14 % दिया है। इसके बाद उम्मीदवार फिर कोर्ट पहुंचे, तो कोर्ट ने पिछले दिनों राज्य सरकार को अवमानना नोटिस जारी किया था। संभावना है कि इस बार किसी भी विषय की लिस्ट में ओबीसी के उम्मीदवारों को जगह नहीं दी गई है। ओबीसी उम्मीदवार के लिए किसी विषय में वेटिंग क्लियर नहीं की गई है।

उम्मीदवारों ने दी थी भूख हड़ताल की धमकी
उम्मीदवारों ने वेटिंग क्लियर नहीं होने से कारण पिछले दिनों भूख हड़ताल पर जाने की धमकी दी थी। चयनित शिक्षक संघ के प्रदेश संयोजक अमित गौतम का कहना है कि अब सरकार चाहे तो एक सप्ताह में वेटिंग क्लियर कर योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति दे सकती है। अभी तक विभाग वैधता खत्म होने का बहाना बना रहा था, लेकिन अब उनका बहाना खत्म हो गया है। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू करनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता है, तो 2 अप्रैल से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *