आग बुझाते हुए घायल हुआ आरक्षक, जीवन ज्योति अस्पताल देखने पहुंचे एएसपी और टीआई
ग्वालियर. डबरा में पदस्थ आरक्षक अविनाश पटसरिया को बेहतर से बेहतर उपचार मुहैया कराया जायेगा। इन्होंने जान की परवाह किये बगैर आग बुझाने वाली टीम का 3 मंजिला इमारत मेंआग की लपटों से बचाते हुए ऊपर जाने का रास्ता दिखाया व फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के साथ आग बुझने तक डटे रहें। यह बात एएसपी ग्रामीण जयराम कुबेर ने जीवन ज्योति अस्पताल में घायल आरक्षक के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहीं।
उनके साथ थाना प्रभारी विनायक शुक्ला भी मौजूद रहें। विनायक शुक्ला ने कहा है कि अविनाश पटसरिया हमारे स्टाफ में सबसे एक्टिव आरक्षक है। आंख में पानी की तेज बौछारों की वजह से चोट आयी है। डॉक्टरों से चर्चा हुई है कि वह गुरूवार को आंख का ऑपरेशन करेंगे।
क्या है पूरा मामला
डबरा शहर के बीचों बीच सिंधी मार्केट में हरीश हुकवानी की 3 मंजिला रेडीमेड कपड़े की दुकान में गत दिवस भयंकर आग लग गई थी। जिसे बीएसएफ की अग्नि शमन इकाई की टीम ने छत को काटकर बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। आग रात्रि 9 बजे के करीब लगी थी। दुकान का शटर बंद था। आग इतनी भयानक थी कि डबरा के अलावा बिलौआ, आंतरी, भितरवार से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया था। वहीं एहतियातन आसपास रहने वाले परिवारों को सुरक्षित जगह पर भेज दिया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
