बजरंगदल के कार्यकर्त्ता की हत्या, इस पर कुमारस्वामी बोले-पहले हिजाब और अब हिंसा
शिमोगा. कर्नाटक के शिमोगा में बजरंग दल के कार्यकर्त्ता की हत्या के बाद माहौल गरमाया हुआ है। इस पर राजनीतिक बयानबाजी भी जमकर हो रही है। कांग्रेस और भाजपा के नेता एक दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं। कर्नाटक के मंत्री ईश्व्रप्पा और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार एक दूसरे पर निजी हमले तक कर रहे हैं। वहीं पूर्व सीएम कुमारस्वामी का भी बयान आया हैं।
दूसरी ओर 26 वर्षीय बजरंगदल कार्यकर्त्ता हर्षा के शव को अब पुलिस की सुरक्षा के बीच पोस्टमार्टम के बाद उसके घर पहुंचाया गया है। बजरंगदल सहित अन्य हिन्दू संगठनों के लोग बड़ी संख्या में इस बीच वहां मौजूद रहें। कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमार स्वामी ने कहा है कि पिछले हफ्ते जब हिजाब विवाद शुरू हुआ था तभी मैंने पहले ही ऐसा कुछ होने का अनुमान जताया था। अब एक लड़के की मौत हो गयी। कांग्रेस और भाजपा अब खुश हो सकते हैं। क्योंकि उन्होंने राज्य की शांति को भंग कर दिया है। कुमारस्वामी ने आगे कहा है कि ऐसा चुनाव की वजह से आगे दोबारा हो सकता हैं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कर्नाटक में होगा। ऐसा नॉर्थ इंडिया में होता है। ऐसे माहौल के कारण से स्कूल और कॉलेज बन्द है। जो कर्नाटक के तटीय इलाके में शुरू हुआ था वह अब पूरे राज्य में हो रहा है।
भिड़े मंत्री ईश्वरप्पा और डीके शिवकुमार
बजरंग दल कार्यकर्ता हर्षा की हत्या के बाद कर्नाटक सरकार में मंत्री ईश्वरप्पा ने कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार पर निशाना साधा था । उन्होंने आरोप लगाया कि ‘तिरंगा हटाकर, भगवा फहराया गया’, ऐसी बातें करके शिवकुमार ने धर्म विशेष को भड़काया था. वहीं बदले में डीके शिवकुमार ने ईश्वरप्पा को ‘पागल’ तक कह दिया है।
बीजेपी नेता भी आपस में बंटे
बजरंग दल कार्यकर्ता की मौत के बाद बीजेपी नेताओं के भी अलग-अलग बयान आ रहे है। कोई इसे हिजाब विवाद से जोड़ रहा है, तो कोई इनमें आपस में कनेक्शन से इनकार कर रहा है। बीजेपी विधायक और सीएम के सचिव रेणुकाचार्या ने शिमोगा के मामले को हिजाब से जोड़ा है। वह बोले कि यह हिजाब विवाद की वजह से हुआ है। ऐसा अकसर तब ही होता है जब हिंदू समर्थित बातें की जाती है। लोग डरे हुए हैं, मैं इस घटना की निंदा करती हूं । बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने भी इसपर बात की। वह बोले कि जांच जारी है। सीएम बसवराज बोम्मई और राज्य के गृह मंत्री इसको देख रहे है। येदियुरप्पा ने पार्टी विधायक की बात से असहमति जताते हुए कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह हिजाब की वजह से हुआ है।
