ट्रिपल आइटीएम के सुरक्षा अधिकारी पर छात्रा ने दुष्कर्म व धोखाधड़ी का आरोप लगाया, केस दर्ज
ग्वालियर. अटल बिहारी वाजपेयी सूचना प्रौद्यौगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (एबीवी ट्रिपल आईटीएम) के सुरक्षा अधिकारी पर एमटेक की छात्रा ने नौकरी दिलाने के नाम पर दुष्कर्म व धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। इस धोखाधड़ी में कॉलेज का प्रोफेसर भी शामिल बताया गया है। हजीरा पुलिस ने पांच साल पुरानी घटना में पीडि़ता की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित सुरक्षा अधिकारी रिटायर हो चुका है और दूसरा आरोपित ट्रिपल आईटीएम का डायरेक्टर आईआईटी दिल्ली में प्रोफेसर है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार जबलपुर निवासी पीड़िता ने शिकायत कर बताया कि वह 2015 में ट्रिपल आइटीएम से एमटेक करने आई। 2017 में उसकी एमटेक की डिग्री पूरी हुई। तब उसकी मुलाकात कालेज के सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार द्विवेदी से हुई। जिसने बताया कि प्रोफेसर एसजी देशमुख आपकी नौकरी लगवा देंगे। जब प्रोफेसर से मुलाकात की तो उन्होंने बताया कि पांच लाख रुपये लगेंगे नौकरी मिल जाएगी। कुछ दिन बाद मैं दीक्षांत समारोह में शामिल होने आई तब मैंने नौकरी के लिए प्रोफेसर एसजी देशमुख के कहने पर दिनेश को 3 लाख 60 हजार रुपये दिए। दीक्षांत समारोह में मुझे एमटेक की डिग्री मिली, जब मैं जबलपुर वापस जाने वाली थी तो दिनेश ने कहा कि आपसे प्रोफेसर मिलना चाहते है मेरे साथ चलो। वह मुझे एक फ्लैट पर लेकर गए वहां उन्होंने मेरी डिग्री ले ली और जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर मेरे साथ जबर्दस्ती की। इसके बाद उन्होंने बदनाम करने की धमकी देकर चुप रहने के लिए कहा। मैं अपने घर चली गई। इसके बाद फिर फोन आया कि नौकरी पक्की हो गई है। प्रोफेसर साहब ने बाकी के पैसों के साथ बुलाया है। जब मैं जबलपुर से प्रोफेसर से मिलने ग्वालियर आई तो पता चला कि प्रोफेसर कालेज में नहीं है। बात की तो उन्होंने कहा कि दिनेश तुम्हें मुझ तक पहुंचा देगा। इस बार दिनेश मुझे प्रोफेसर से मिलवाने का झांसा देकर होटल ले गया और वहां फिर जबर्दस्ती की। मैं डर कर वापस जबलपुर लौट गई। कुछ समय बाद जब मेरे पति ने डिग्री के बारे में पूछताछ की तो मैंने पूरी कहानी बता दी। इसके बाद मेरे पति ने जब दिनेश से फोन पर डिग्री व पैसा देने की बात की तो उसने गाली गलौज की। पति ने जब हिम्मत दी तो मैं शिकायत करने आ गई। पुलिस ने दुष्कर्म व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
