NIA ने किया दाउद के प्लान का खुलासा, भारत में हमलों के लिए स्पेशल यूनिट बनाई, बड़े नेताओं और हस्तियों को बनाया टारगेट
नई दिल्ली. डी-गैंग की एक साजिश की खबर भारतीय खुफिया एजेंसियों के हाथ लगी है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने अपनी एफआईआर में इस साजिश का जिक्र किया है। NIA के मुताबिद डी-गैंग के सरगना और भारत के मोस्ट वांटेड आतंकी दाउद ने भारत में हमलों के लिए एक स्पेशल यूनिट बनाई है। जिसके निशाने पर बड़े नेता और हस्तियां हैं।
हिंसा को हवा देना है मकसद
एफआईआर के मुताबिक, दाउद अपनी स्पेशल यूनिट के जरिए भारत में हमले करना चाहता है और उसका फोकस दिल्ली और मुंबई हैं। यहां के बड़े नेता और बड़ी हस्तियां उसके टारगेट हैं। दाउद विस्फोटक और घातक हथियारों से लैस इस यूनिट के जरिए भारत के कई इलाकों में हमले करना चाहता है। जांच एजेंसी के मुताबिक, ये हमलों का मकसद भारत के विभिन्न हिस्सों में हिंसा भड़काना है।
ED की कस्टडी में दाउद का भाई इकबाल कासकर
NIA के खुलासे से एक दिन पहले ही यानी शुक्रवार को ED ने दाउद के भाई इकबाल कासकर को कस्टडी में लिया है। मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में ED अगले 7 दिन यानी 24 फरवरी तक इकबाल से पूछताछ करेगी। ED ने हाल ही में दाउद और उसके करीबियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। ED के मुताबिक, ये लोग आतंकवादी गतिविधियों की फंडिंग कर रहे हैं।
