नर्मदा घाटी परियोजना टनल की मिट्‌टी धंसी, 9 मजदूर दबे

कटनी. स्लीमनाबाद में नर्मदा घाटी परियोजना की टनल की मिट्‌टी धंस गई है। ये हादसा बरगी के दायें तट पर नहर के लिए बनाई जा रही अंडरग्राउंड टनल के निर्माण के दौरान शनिवार रात करीब 7:30 बजे हुआ। टनल में करीब 9 मजदूर दब गए। इनमें से 3 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया। वहीं, 6 मजदूर अभी फंसे हैं। यहां रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मौके पर रात को ही बहोरीबंद के विधायक प्रणय प्रभात पांडेय समेत अफसर पहुंच गए थे। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि कटनी से SDRF की टीम पहुंच गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गृह विभाग के एसीएस राजेश राजौरा व अन्य आला अधिकारी भी वल्लभ भवन (मंत्रालय) में सिचूएशन रूम से बचाव कार्य को मॉनिटर कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर स्लीमनाबाद में निर्माणधीन अंडर ग्राउंड टनल निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंसक गई। इसमें 9 मजदूर मलबे में दब गए। तीन मजदूरों को रेस्क्यू कर निकाल लिया गया है। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। कलेक्टर ने बताया कि मजदूर 9 मीटर नीचे दबे हैं। उनकी आवाज सुनाई दे रही है।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस लगाई गई है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए जबलपुर मेडिकल अस्पताल और कटनी जिला अस्पताल तक के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है, जिससे मजदूरों को निकालकर जल्द ही अस्पताल पहुंचाया जा सके। कलेक्टर के मुताबिक 8 लोग सिंगरौली के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *