ग्वालियर में युवक स्कूल के चैनल गेट के अंदर ताक-झांक के लिए सिर डाला, कटर से गेट काटकर जान बचाई
ग्वालियर. ग्वालियर में एक युवक को ताक-झांक करनी महंगी पड़ गई, युवक की इस हरकत से उसकी जान पर बन आई। जानकारी के अनुसार युवक स्कूल भवन के अंदर झांकने के लिए चैनल गेट से सिर डाल रहा था। इस दौरान चैनल गेट में उसकी गर्दन फंस गई इसके बाद वह चीखने और रोने लगा। धीरे-धीरे यहां लोग जमा हो गए और उसका वीडियो बनाने लगे। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने चैनल गेट काटकर उसे सुरक्षित निकाला। युवक दोपहर जनकगंज गोल पहाडि़यां स्थित सामुदायिक भवन में चलने वाले स्कूल के चैनल गेट से अंदर ताक-झांक कर रहा था। युवक की पहचान गोल पहाडि़यां पर रहने वाले बबलू के रूप में हुई है।
कटर लाकर चैनल गेट को काटना पड़ा
बताया जा रहा है कि युवक स्मैक का आदी था। चैनल गेट में उसकी गर्दन फंसने की सूचना मिलने पर डायल 100 का स्टाफ पहुंचा और जनकगंज थाने में सूचना दी। इस पर बीट प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। पहले कैंची से गेट को काटने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में कटर लाकर चैनल गेट को काटना पड़ा। इसके बाद युवक की गर्दन बाहर आ सकी। मामले में जनकगंज थाना प्रभारी संतोष सिंह का कहना है कि एक स्मैकची की गर्दन चैनल गेट में फंस गई थी। पुलिस जवानों ने उसे सकुशल निकाल लिया है।
