ग्वालियर में सुबह पुलिस व प्रशासन का एक्शन, 70 साल पुरानी सब्जी मंडी JCB से तोड़ी, सब्जी विक्रेताओं को खदेड़ा
ग्वालियर. 70 साल पुरानी हजीरा सब्जी मंडी को प्रशासन ने सोमवार सुबह नगर निगम व पुलिस प्रशासन की मदद से जमींदोज कर दिया है। सुबह 6 बजे पुलिस ने धरना दे रहे सब्जी विक्रेताओं को वहां से खदेड़ा और फिर नगर निगम ने JCB मशीन मंडी में दौड़ा दी। कुछ ही देर में मंडी समतल जमीन में बदलती गई। यहां मंडी में तोड़फोड़ के विरोध कांग्रेस नेता व ऊर्जा मंत्री के कट्टर विरोधी सुनील शर्मा वहां पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। तभी तत्काल पुलिस ने हरकत में आकर कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया और कार्रवाई को अंजाम दिया। करीब 20 दिन से यह मंडी राजनीति का अखाड़ा बनी हुई थी। अब यहां पार्किंग और कोचिंग सेंटर आकार लेगा। मंडी में व्यापार करने वालों को हजीरा इंटक मैदान में स्थापित किया गया है। इससे हजीरा पर ट्रैफिक जाम से भी निजात मिलेगी।
महिला ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया
प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करने के लिए एक महिला ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालने की कोशिश की। इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। यह महिला बबीना बाई पहले भी चर्चा में आ चुकी है जब ऊर्जा मंत्री ने उसके हाथों से अपने गाल पर थप्पड़ भी लगवाया था। हालांकि उस समय उस ने लाड़ में और मंत्री के कहने पर ऐसा किया था। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण को हटाया गया है जो कि पुलिस का कहना है कि मामूली विरोध के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है इस घटना में 50 से ज्यादा सभी कारोबारी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करके डीआरपी लाइन भेजा गया है।
पार्किंग व कोचिंग सेंटर विकसित किया जाएगा
हजीरा क्षेत्र चौराहे पर पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए खाली कराई गई सब्जी मंडी की इस इक्कीस सौ वर्ग मीटर जमीन पर पार्किंग के साथ क्षेत्र वासियों के लिए डिजीटल लाइब्रेरी के साथ-साथ कोचिंग सेंटर एरिया नगर निगम द्वारा विकसित किया जाएगा। इनके बन जाने से हजीरा क्षेत्र में आए दिन लगने वाले सड़कों पर जाम से निजात मिलेगी। वहीं इलाके में शिक्षा के लिए एजूकेशन हब बनने से इलाके में रहने वाले छात्र-छात्राओं को कोचिंग में पढ़ाई करने के लिए एमएलबी कॉलोनी व अन्य दूरस्त इलाकों में नहीं जाना पड़ेगा।
