ग्वालियर में अब केवल रविवार की छुट्टी, शनिवार को करना होगा काम

ग्वालियर. सरकारी कार्यालयों में काम कर रहे कर्मचारियों के लिए नई दिक्कत शुरु हो गई है। उन्हें अब केवल रविवार का साप्ताहिक अवकाश ही मिल सकता है, शनिवार का अवकाश नहीं मिलेगा । विभागीय अधिकारी का साफ कहना है कि दो दिन के अवकाश का कोई प्रावधान ही नहीं है।

सीएमएचओ ने दिए आदेश,रविवार को मनाओ छुट्टी, शनिवार को कंप्यूटर आपरेटरों को करना हाेगा काम- स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कंप्यूटर आपरेटरों के लिए यह बात सीएमएचओ डा. मनीष शर्मा ने कही है। सीएमएचओ जिला अस्पताल मुरार का निरीक्षण करने पहुंचे तो कहा कि कंप्यूटर आपरेटर शनिवार को आफिस आएं और पेंडिंग केस निपटाएं। दरअसल शनिवार को जब वे जिला अस्पताल मुरार में निरीक्षण करने पहुंचे ताे वहां कंप्यूटर आपरेटर गायब मिले। इससे सीएमएचओ हैरान रह गए। सिविल सर्जन से पता चला कि शनिवार को डाक्टर तो काम पर रहते हैं पर आफिस वर्क पूरी तरह से बंद रहता है।

सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि इससे परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। इसको लेकर सीएमएचओ ने निर्देश जारी कर दिया कि कंप्यूटर आपरेटरों को शनिवार को कार्यस्थल पर उपस्थित रहना हाेगा। वे केवल रविवार के दिन साप्ताहिक अवकाश ले सकते हैं। सीएमएचओ डा. मनीष शर्मा ने स्पष्ट तौर पर कहा कि कंप्यूटर आपरेटरों के लिए दो दिन के अवकाश का कोई प्रावधान ही नहीं है।

दौरे के दौरान ओपीडी से गायब डाक्टरों के खिलाफ उन्होंने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि बिना सूचना के कोई भी डाक्टर गायब रहता है तो उसके खिलाफ नियम संगत कार्रवाई की जाएगी। सिविल सर्जन डा. राजेश शर्मा ने भी कहा कि कोई भी चिकित्सक बिना सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित मिलेगा, उसके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद डा. मनीष शर्मा रनगंवा उप स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के लिए भी पहुंचे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *