ग्वालियर में ATM क्लोनिंग, ट्रक चालक के अकाउंट से निकले 50 हजार

ग्वालियर. एक ट्रक चालक के स्टेट बैंक के खाते से ठगों ने 50 हजार रुपए पार कर दिए, जबकि उसने ना तो किसी को ATM कार्ड का पासवर्ड या नंबर दिया और न ही किसी को कोई डिटेल या ओटीपी शेयर किया। घटना 2 दिन पहले मोहना की है। ट्रक चालक को ठगी का पता उस समय लगा जब उसके मोबाइल पर बैंक से कैश निकलने का मैसेज आया। मामले की शिकायत पीड़ित ने एसएसपी ग्वालियर से की। एसएसपी के निर्देश पर मोहना थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस के साइबर एक्सपर्ट का मानना है कि यह वारदात ATM क्लोनिंग के जरिए होना प्रतीत हो रही है। काफी समय बाद ठगों ने शहर में ATM क्लोनिंग के जरिए वारदात को अंजाम दिया है।

यह है पूरा मामला
मोहना की शिवहरे कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय बालमुकुंद पुत्र अक्षय सिंह पेशे से ट्रक चालक हैं। दो दिन पहले वह ट्रक में माल भर कर शहर से बाहर गए थे, तभी उनके मोबाइल पर उनके खाते से रुपए निकलने के धड़ाधड़ मैसेज आने लगे। लगातार आ रहे मैसेज देखकर वह परेशान हो गए, क्योंकि उनका ATM कार्ड उनकी जेब में था। उनको लगा कि ऐसे में कौन उनके खाते से ATM के जरिए कैश निकाल सकता है। जब उन्होंने बैंक पहुंचकर पता किया तो ठगों ने उनके खाते से 49500 रुपए निकाल लिए थे। सिर्फ 60 रुपए अकाउंट में छोड़े हैं। साथ ही बैंक ये भी डिटेल मिली कि उनके ATM कार्ड का उपयोग कर ही कैश निकाला गया है। इसके बाद पीड़ित ने अपना ATM कार्ड व खाला ब्लॉक कराया है। साथ ही पुलिस में शिकायत की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *